मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना में एक अहम पड़ाव तय हुआ है। नेशनल हाईस्पीड रेल कॉरपोरेशन (NHSRCL) के मुताबिक गुजरात में सूरत से बिलिमोरा के बीच ट्रैक के ओवरहेड इक्विपमेंट (OHE) सिस्टम को गुरुवार को सफलतापूर्वक ऊर्जीकृत कर दिया गया। इस सेक्शन में एलिवेटेड अलाइनमेंट पर अप और डाउन दोनों लाइनें शामिल हैं। कॉरपोरेशन ने इसे परियोजना में आगे की टेस्टिंग गतिविधियों की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति बताया है।

एनएचएसआरसीएल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा करते हुए लिखा कि बस इंतजार कीजिए, बड़ा अपडेट आने वाला है। इसके जरिए कॉरपोरेशन ने ट्रायल रन की तरफ कदम बढ़ने के संकेत दिए हैं। गुजरात में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुलेट ट्रेन चलाने की तारीख 15 अगस्त तय की है।

आधिकारिक बयान के अनुसार 508 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर पर अत्याधुनिक 2×25 kV ओवरहेड ट्रैक्शन सिस्टम लगाया गया है, जो दुनिया भर की हाई-स्पीड रेल प्रणालियों में इस्तेमाल होने वाली उन्नत विद्युतीकरण तकनीकों में से एक है। कॉरिडोर में कुल 14 स्थानों पर ट्रैक्शन सब-स्टेशन बनाए गए हैं, जो नेशनल ग्रिड से बिजली लेकर ओवरहेड ट्रैक्शन सिस्टम को आपूर्ति करेंगे। गुजरात के नवसारी जिले में स्थित बिलिमोरा के पहले ट्रैक्शन सब-स्टेशन में कंट्रोल पैनल, चेंजओवर स्विच, ट्रांसफॉर्मर और सर्किट ब्रेकर बिल्डिंग में इंस्टॉलेशन का काम पूरा हो चुका है। गुजरात स्थित इन सब-स्टेशनों को गुजरात एनर्जी ट्रांसमिशन कॉर्पोरेशन लिमिटेड (GETCO) के 220 kV अंबेठा ग्रिड सब-स्टेशन से बिजली मिलेगी।

सूरत-बिलिमोरा सेक्शन में दोनों स्टेशनों के बीच करीब 50 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड अलाइनमेंट है, जिसमें चार नदियों पर बने पुल और नेशनल हाईवे-53 पर एक स्टील ब्रिज भी शामिल है। आसपास के इलाकों में शोर का असर कम करने के लिए इस वायाडक्ट पर करीब 94,000 नॉइज बैरियर्स लगाए गए हैं। ओवरहेड विद्युत प्रणाली के ऊर्जीकृत होने के साथ ही एनएचएसआरसीएल ने अलाइनमेंट के आसपास रहने वाले नागरिकों, यात्रियों, निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों और आम जनता को सख्त सलाह दी है कि वे ओवरहेड विद्युत उपकरणों के पास न जाएं, उन्हें छूने की कोशिश न करें और उनके आसपास किसी भी तरह का अनधिकृत काम न करें।