भागलपुर जंक्शन पर शनिवार को लाइन खाली न मिलने और ट्रेनों की अनियमितता के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। गरीब रथ एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से करीब आठ घंटे देरी से भागलपुर पहुंची, जबकि अप ब्रह्मपुत्र मेल पांच घंटे से अधिक विलंब से चली। देरी का असर वापसी की यात्रा पर भी पड़ा और गरीब रथ एक्सप्रेस यहां से अपने तय समय से सात घंटे विलंब से रात नौ बजे रवाना हुई।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, उस समय गोड्डा-शकूरबस्ती और अहमदाबाद-मालदा टाउन स्पेशल के अलावा अन्य प्लेटफार्मों पर पहले से ट्रेनें खड़ी थीं। कोई भी लाइन खाली न रहने के कारण कंट्रोल रूम के निर्देशानुसार विक्रमशिला एक्सप्रेस को होम सिग्नल, वनांचल एक्सप्रेस को आउटर सिग्नल और ब्रह्मपुत्र मेल को सबौर स्टेशन पर रोककर रखा गया था। बाद में लाइन खाली होने पर सभी ट्रेनों को बारी-बारी से प्लेटफार्म पर लिया गया।
शनिवार को अप वनांचल एक्सप्रेस करीब एक घंटे तक आउटर सिग्नल पर और डाउन विक्रमशिला एक्सप्रेस होम सिग्नल के पास रुकी रही। इसके अलावा ब्रह्मपुत्र मेल को सबौर स्टेशन पर करीब 45 मिनट तक खड़ा रखा गया। बीच रास्ते में अचानक ट्रेनों के रुकने से यात्रियों को काफी परेशानी हुई। इस संदर्भ में वनांचल एक्सप्रेस से सफर कर रही एक महिला यात्री ने रेल प्रशासन के समक्ष लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
लंबी दूरी की ट्रेनों के घंटों विलंबित रहने से दूर-दराज के इलाकों से भागलपुर स्टेशन पहुंचे मुसाफिरों को प्लेटफार्म पर घंटों इंतजार करना पड़ा।
