झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्य कांत और सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम को पत्र लिखकर रांची हाईकोर्ट में नए मुख्य न्यायाधीश की तत्काल नियुक्ति की मांग की है। मुख्यमंत्री ने यह पत्र ऐसे समय में लिखा है जब हाईकोर्ट के मौजूदा मुख्य न्यायाधीश एम. एस. सोनाक 27 नवंबर को रिटायर होने वाले हैं और अभी तक उनके उत्तराधिकारी की नियुक्ति नहीं हुई है।

सोरेन ने अपने पत्र में कहा कि लंबे समय तक अंतरिम व्यवस्था बनाए रखने से न्यायिक तंत्र में अनिश्चितता पैदा हो सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि बार-बार होने वाले बदलावों से हाईकोर्ट के प्रशासनिक कामकाज और संस्थागत योजनाओं में बाधा आती है।

मुख्यमंत्री ने चेताया कि नए मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति में देरी होने से पेंडिंग मामलों के निपटारे में देरी हो सकती है। पत्र में उन्होंने CJI और कॉलेजियम के न्यायाधीशों से जल्द से जल्द नियुक्ति की मांग की है।