प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को वैशाली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए भोजपुर जिले की 14 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इन परियोजनाओं पर कुल 49.92 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। कलेक्ट्रेट भवन में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया, जिसमें जिले के जनप्रतिनिधि और वरीय पदाधिकारी शामिल हुए।

स्वास्थ्य के क्षेत्र में सात प्रखंडों में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर यानी स्वास्थ्य उपकेंद्र खोले गए हैं। ये केंद्र उदवंतनगर के मल्थर, तरारी के विशुनपुर, अगिआंव के खनैत, संदेश के रामासाढ़, सहार के एकवारी, बिहिया के बिरपुर और जगदीशपुर के पिलापुर में स्थित हैं। इनके निर्माण पर 299.88 लाख रुपये खर्च हुए हैं। इससे ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।

ऊर्जा क्षेत्र में दो नए 33/11 केवी पावर सब स्टेशन शुरू किए गए हैं। इनमें एक उदवंतनगर प्रखंड परिसर में और दूसरा जगदीशपुर प्रखंड की हरिगांव पंचायत के सुंदरा गांव में बनाया गया है। उदवंतनगर पीएसएस से नौ पंचायतों के 30 गांवों के करीब 11 हजार परिवारों को और सुंदरा पीएसएस से आठ पंचायतों के 45 गांवों के लगभग नौ हजार परिवारों को लाभ मिलेगा।

शिक्षा के क्षेत्र में चार नए उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भवन बने हैं, जिन पर 608.947 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। ये भवन सहार प्रखंड के बरुही, पीरो के टार, उदवंतनगर के कुसुम्हा (सुर्हनी) और संदेश के कुसरे में स्थित हैं। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 527 लाभार्थियों को पक्के मकान का लाभ मिला है। इन आवासों के निर्माण पर 13.17 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं।