दिल्ली के पुराना किला में आयोजित SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व कर रहे डॉक्टर मुसद्दिक मलिक ने शनिवार शाम उर्दू में संबोधन दिया। उन्होंने कहा कि वह गालिब की कब्र से कुछ ही मील दूर बैठे हैं, इसलिए अंग्रेजी की जगह उर्दू में बात करना उचित लगा। मलिक ने एक शेर पढ़ा और दिल्ली, लखनऊ तथा लाहौर को अदब और तहजीब का गढ़ बताया। उन्होंने कहा कि गालिब खुद को फारसी का शायर मानते थे, लेकिन दिल्ली ने उन्हें उर्दू का शायर माना।
मलिक की इस टिप्पणी पर सोशल मीडिया पर कई तरह की प्रतिक्रियाएं आई हैं। कुछ यूजर्स ने उन्हें याद दिलाया कि वह लाहौर, दिल्ली और लखनऊ को एक जैसा मान रहे हैं, जबकि इस्लामाबाद में बैठकर पाकिस्तानी नेता भारतीय संस्कृति से दूरी बनाते हैं। कई यूजर्स ने उत्तर भारत में उर्दू के जन्म का जिक्र करते हुए कहा कि उर्दू मूल रूप से भारतीय भाषा है।
एक्स पर अमन सिंह ने तंजिया लहजे में लिखा कि अच्छा हुआ कि पाकिस्तानी मंत्री ने भारतीय भाषा उर्दू में बात करना चुना। निखिल ने लिखा कि उर्दू असल में भारतीय भाषा है और पाकिस्तानी लोग इसे पंजाबी के साथ मिलाकर बोलते हैं। अमित पॉल ने कहा कि उर्दू भारत और पाकिस्तान को जोड़ती है और इसका जन्मस्थान भारत है। पाकिस्तान के मुर्तजा ढोढा ने लिखा कि मलिक बहुत अच्छी उर्दू बोलते हैं, हालांकि उनकी अंग्रेजी भी बेहतर है। राजेश शुक्ला ने कहा कि गालिब के शहर दिल्ली में उर्दू में भाषण सुनना शानदार है। सैयद ने लिखा कि कम से कम वे मानते हैं कि उर्दू भारतीय है और पड़ोसियों ने सांस्कृतिक रूप से इसे अपना लिया है।
अपने संबोधन में मलिक ने कहा कि गालिब के दादा समरकंद से आए थे और गालिब खुद को फारसी का शायर मानते थे, लेकिन दिल्ली ने उन्हें उर्दू का शायर माना। उन्होंने गालिब के लिए कही गई पंक्ति 'यूं तो दुनिया में हैं सुखनवर बहुत अच्छे, कहते हैं कि गालिब का है अंदाज-बयां और' का जिक्र किया। मलिक ने कहा कि दिल्ली, लखनऊ और लाहौर शायरी के गढ़ रहे हैं और वह यहां तहजीब की बात करने आए हैं।
