नई दिल्ली: पश्चिमी दिल्ली के रघुबीर नगर में शनिवार को एक रिहायशी इमारत में आग लगने से 40 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा और बहू झुलस गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार मृतका की पहचान सुनीता के रूप में हुई है। उनके बेटे ध्रुव (20) और बहू नीति (20) क्रमशः 20 प्रतिशत और 60 प्रतिशत तक झुलस गए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि इमारत की पहली मंजिल पर घरेलू सामान में आग लगी थी, जिसकी चपेट में आने से तीनों लोग झुलस गए। उन्हें तुरंत कैट्स एम्बुलेंस से गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने सुनीता को मृत घोषित कर दिया। ध्रुव और नीति का इलाज किया जा रहा है।

दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के अनुसार उन्हें दोपहर 12 बजकर पांच मिनट पर इमारत में आग लगने की सूचना मिली थी और दोपहर 12 बजकर 25 मिनट तक आग पर काबू पा लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।