दुनिया भर में ऐसे हथियारों को लेकर चिंता बढ़ रही है, जो बिना इंसानी आदेश के खुद निशाना पहचानकर हमला कर सकते हैं। इन्हें 'किलर रोबोट' कहा जाता है। जिनेवा में संयुक्त राष्ट्र की बैठक में करीब 100 देशों ने इन हथियारों के इस्तेमाल पर नियंत्रण के लिए 2028 तक नए नियमों पर चर्चा करने का फैसला किया है। बैठक की अध्यक्षता कर रहे स्विस प्रतिनिधि जूलियन थोनी ने इसे 10 साल से अधिक की बातचीत के बाद मानवीय निरस्त्रीकरण की दिशा में बड़ी उपलब्धि बताया। जिनेवा में सोमवार से चली बैठक शनिवार सुबह समाप्त हुई।

बैठक में ऐसे हथियारों पर चर्चा हुई, जिनमें इंसानी निगरानी बहुत कम होती है या बिल्कुल नहीं होती। तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की मदद से ये हथियार लक्ष्य की पहचान कर हमला कर सकते हैं।

हालांकि, अमेरिका, रूस और इजरायल जैसे बड़े हथियार निर्माता देशों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कानूनी रूप से बाध्यकारी नियम बनाने का विरोध किया। इन देशों का जोर अपने-अपने राष्ट्रीय दिशा-निर्देशों पर है। इसी कारण अंतिम समझौते में यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि भविष्य में बनने वाले नियम कानूनी रूप से अनिवार्य होंगे या नहीं।

मानवाधिकार संगठनों ने इस फैसले पर निराशा जताई है। संगठन 'स्टॉप किलर रोबोट्स' की कार्यकारी निदेशक निकोल वैन रूयेन ने कहा कि कानूनी नियम बनाने में देरी से आम नागरिकों और पूरी मानवता की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है।