भगवान राम की नगरी अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर धाम के बीच पहली ट्रेन आज से शुरू हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह जनकपुर धाम-अयोध्या कैंट एक्सप्रेस का उद्घाटन करेंगे। यह साप्ताहिक ट्रेन उत्तर प्रदेश और बिहार के 10 स्टेशनों से गुजरेगी। वाल्मीकि रामायण के मुताबिक, राजा दशरथ जब राम बारात लेकर जनकपुर पहुंचे थे तो उन्हें चार दिन लगे थे, जबकि अब यह सफर करीब 19 घंटे में पूरा होगा। आम यात्रियों के लिए ट्रेन 28 नवंबर से चलने की उम्मीद है।
ट्रेन के रास्ते में अयोध्या धाम, मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शिशो, मधुबनी और जयनगर स्टेशन पड़ेंगे। जयनगर से ट्रेन नेपाल में प्रवेश कर जनकपुर धाम पहुंचेगी। जनकपुर धाम से ट्रेन शनिवार को और अयोध्या कैंट से सोमवार को रवाना होगी। इससे मधुबनी, दरभंगा और सीतामढ़ी के आसपास के इलाकों के लोगों को भी फायदा मिल सकता है।
चूंकि यह ट्रेन अंतरराष्ट्रीय सीमा पार करेगी, इसलिए बिहार के जयनगर स्टेशन पर यात्रियों के पहचान पत्र और जरूरी दस्तावेजों की जांच होगी। इसी प्रक्रिया के कारण जयनगर में ट्रेन का लंबा ठहराव रखा गया है—जनकपुर से अयोध्या आते समय एक घंटे और अयोध्या से जनकपुर जाते समय दो घंटे का। भारत से नेपाल और नेपाल से भारत जाने वाले यात्रियों के लिए अलग-अलग रिजर्वेशन चार्ट बनाए जाएंगे, जिनमें नागरिकता और पहचान पत्र की जानकारी होगी। ये चार्ट जांच के लिए संबंधित अधिकारियों को भी दिए जाएंगे।
ट्रेन में कुल 17 कोच होंगे, जिनमें 8 एसी और 7 स्लीपर कोच शामिल हैं। एसी श्रेणी में थर्ड एसी के 6 और सेकेंड एसी के 2 कोच होंगे, जबकि बाकी 2 कोच लगेज, गार्ड और पैंट्री के लिए होंगे। ट्रेन में फर्स्ट एसी और जनरल श्रेणी का कोच नहीं होगा। रेलवे नियमों के मुताबिक इसमें आरएसी और वेटिंग टिकट की सुविधा भी नहीं रखी गई है, यानी यात्री केवल कन्फर्म टिकट पर सफर कर सकेंगे। वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग यात्रियों के लिए अलग कोटे की व्यवस्था भी नहीं होगी। फिलहाल ट्रेन का आधिकारिक किराया घोषित नहीं किया गया है।
बता दें कि भारत और नेपाल के बीच पहले से जयनगर-जनकपुर-बिजलपुरा रेल सेवा चल रही है, जिसकी शुरुआत 3 अप्रैल 2022 को हुई थी। इससे एक दिन पहले प्रधानमंत्री मोदी और नेपाल के तत्कालीन प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा ने संयुक्त रूप से इसका उद्घाटन किया था। नई ट्रेन से अयोध्या तक सीधा संपर्क उपलब्ध होगा और रामायण सर्किट तथा धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
