अयोध्या और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच सीधी रेल सेवा सरयू-कमला एक्सप्रेस का शुभारंभ 23 नवंबर को होगा। अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह वर्चुअल माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की भी मौजूदगी प्रस्तावित है। अयोध्या धाम स्टेशन पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं और जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
आम श्रद्धालु 28 नवंबर से इस रेलसेवा में यात्रा कर सकेंगे। अयोध्या कैंट से जनकपुर धाम के बीच करीब 604 किलोमीटर की दूरी लगभग 19 घंटे में पूरी होगी और यात्रियों को रास्ते में ट्रेन बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यह सेवा सप्ताह में एक दिन चलेगी। गाड़ी संख्या 15596 अयोध्या कैंट से प्रत्येक सोमवार शाम 5:50 बजे रवाना होकर मंगलवार दोपहर 12:40 बजे नेपाली समय के अनुसार जनकपुर धाम पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 15595 प्रत्येक शनिवार दोपहर 1:10 बजे नेपाली समय के अनुसार जनकपुर धाम से रवाना होकर रविवार सुबह 8:10 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी।
ट्रेन को जयनगर, मधुबनी, शीशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती, मनकापुर और अयोध्या धाम सहित कुल 10 मध्यवर्ती स्टेशनों पर वाणिज्यिक ठहराव दिया गया है। सरयू-कमला एक्सप्रेस का संचालन आधुनिक 17 कोच वाले एलएचबी रैक से किया जाएगा, जिसमें आठ वातानुकूलित कोच, सात स्लीपर श्रेणी के कोच, एक एलएसएलआरडी और एक एलडब्ल्यूएलआरआरएम कोच शामिल हैं।
अयोध्या प्रभु श्रीराम की जन्मभूमि और जनकपुर माता सीता की जन्मस्थली के रूप में प्रसिद्ध है। दोनों नगर रामायण कालीन धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़े हैं। सीधे रेल संपर्क से श्रद्धालुओं और पर्यटकों का आवागमन सुगम होने तथा रामायण सर्किट और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। उत्तर प्रदेश, बिहार और नेपाल के बीच बेहतर रेल संपर्क से सीमावर्ती क्षेत्रों में व्यापार, पर्यटन, स्थानीय आर्थिक गतिविधियों और रोजगार के अवसरों को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
