रेल मंत्रालय ने भारत और नेपाल के संबंधों तथा सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने के उद्देश्य से अयोध्या से जनकपुर धाम (नेपाल) तक साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन की सेवा सोमवार से शुरू की है। 15595/15596 जनकपुर धाम (नेपाल)-अयोध्या धाम जंक्शन-जनकपुर धाम (नेपाल) साप्ताहिक एक्सप्रेस सोमवार दोपहर 12:30 बजे अयोध्या से रवाना होगी। शाम 5:40 बजे यह ट्रेन गोरखपुर पहुंचेगी और वहां से जनकपुर धाम के लिए आगे बढ़ेगी। मंगलवार को ट्रेन जनकपुर धाम से दोपहर एक बजे चलेगी और बुधवार सुबह अयोध्या पहुंचेगी।

मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार के अनुसार, उद्घाटन विशेष गाड़ी 04295 अयोध्या धाम जंक्शन-जनकपुर धाम (नेपाल) सोमवार को दोपहर 12:30 बजे अयोध्या धाम जंक्शन से प्रस्थान करेगी। यह गाड़ी मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शिशो, मधुबनी और जयनगर होते हुए मंगलवार सुबह 10 बजे जनकपुर धाम (नेपाल) पहुंचेगी।

वापसी में 04296 विशेष ट्रेन मंगलवार को जनकपुर धाम (नेपाल) से दोपहर एक बजे रवाना होकर जयनगर, मधुबनी, शिशो, सीतामढ़ी, रक्सौल और नरकटियागंज होते हुए बुधवार सुबह 4:05 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। यहां से बस्ती और मनकापुर होते हुए ट्रेन सुबह 8:10 बजे अयोध्या पहुंचेगी।

ट्रेन में कुल 17 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें शयनयान श्रेणी के सात, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के तीन, वातानुकूलित तृतीय इकोनामी श्रेणी के तीन, वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी के दो, एक जनरेटर सह लगेज यान और एक एलएसएलआरडी कोच शामिल है।