अयोध्या में चौरासी कोसी परिक्रमा मार्ग के निकट रुदौली-मां कामाख्या धाम मार्ग पर अंडरपास बनाया जाएगा। एनएचएआई के अवर अभियंता सतीश कुमार के अनुसार अंडरपास की ऊंचाई लगभग छह मीटर और चौड़ाई लगभग 11 से 12 मीटर होगी। निर्माण कार्य लगभग चार माह में पूरा होने की उम्मीद है। अंडरपास के साथ दोनों तरफ एप्रोच रोड भी बनेगा।
अवर अभियंता ने बताया कि निर्माण के दौरान कामाख्या मार्ग को अवरुद्ध नहीं किया जाएगा। इससे मां कामाख्या धाम आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा होगी और उन्हें असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।
रुदौली नगर पालिका अध्यक्ष जब्बार अली ने मार्ग बंद होने की आशंका के चलते 22 नवंबर को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र भेजा था। उन्होंने फात्मा स्कूल के पास रुदौली-कामाख्या मार्ग पर अंडरपास बनवाने की मांग की थी और कहा था कि यह मार्ग काफी पुराना तथा सिद्धपीठ मां कामाख्या धाम के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण है।
सैदपुर के पूर्व प्रधान दिनेश पांडेय, विजय सिंह और प्रमोद सिंह ने अंडरपास निर्माण को हरी झंडी मिलने पर खुशी जताई है।
