राम मंदिर निर्माण के बाद अयोध्या की पहचान अब ‘वेडिंग डेस्टिनेशन’ के रूप में भी बन रही है। दूर-दराज के जिलों और राज्यों से लोग यहां होटलों में शादी कर रहे हैं और विवाह के बाद रामलला के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। भगवान श्रीराम की जन्मस्थली होने के कारण यहां होने वाली शादियां लोगों के लिए चिरस्मरणीय बनी रहेंगी। इसी वजह से यहां के होटलों में नवंबर से फरवरी तक कई विवाह समारोहों की बुकिंग पहले से हो चुकी है। किसी समारोह में दोनों पक्ष दूसरे जिलों या राज्यों के हैं, तो किसी में वधू पक्ष बाहर का और वर पक्ष यहां का रहने वाला है। शादी समारोह ही नहीं, अन्य मांगलिक आयोजनों के लिए भी अयोध्या पसंदीदा स्थल बन गई है।

ढाई वर्ष पूर्व दिव्य मंदिर में रामलला के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा के बाद रामनगरी ने पर्यटन के क्षेत्र में अपनी वैश्विक पहचान स्थापित की है। यहां देश के विभिन्न प्रांतों के साथ-साथ विदेश से भी पर्यटक और श्रद्धालु रामलला के दर्शन तथा अन्य पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने पहुंच रहे हैं। यहां अच्छे होटल और रेस्टोरेंट खुलने तथा सड़क, रेल और वायु मार्ग के बेहतर संसाधन उपलब्ध होने से आसपास के जिलों और दूसरे राज्यों के लोग भी वैवाहिक समारोहों के लिए भगवान राम की धरती का चयन कर रहे हैं। पहले अधिकांशत: स्थानीय लोग ही शहर में विवाह और अन्य मांगलिक आयोजन करते थे, लेकिन एक-दो वर्ष से गैर जिला और गैर राज्य के लोग भी रामनगरी के प्रति आकर्षित हुए हैं।

अयोध्या में विवाह करने को लेकर दोनों पक्षों की सोच ‘एक पंथ-दो काज’ वाली है। यहां शादी करने से एक तो समारोह यादगार बनेगा, दूसरे वर-वधू पक्ष रामलला का दर्शन भी कर लेंगे। अगले वर्ष 27 फरवरी को सिविल लाइन स्थित होटल शाने अवध में विवाह करने जा रहे विदेश मंत्रालय में सहायक अनुभाग अधिकारी विशाल तिवारी बताते हैं कि वह मूलरूप से सुलतानपुर के रहने वाले हैं। उनके पिता राजेंद्र तिवारी जयपुर में ट्रांसपोर्ट मैनेजर हैं और वधू पक्ष भी राजस्थान का ही है। उनका कहना है कि वे जयपुर में भी विवाह कर सकते थे, लेकिन अयोध्या में विवाह करने की अलग अनुभूति होगी और विवाहोपरांत दोनों पक्ष रामलला के दर्शन भी कर सकेंगे।