केंद्र सरकार आयुष्मान भारत योजना में बड़ा बदलाव करने की तैयारी में है। प्रस्ताव के मुताबिक सरकारी अस्पतालों के लिए आरक्षित इलाज पैकेज 23 से बढ़ाकर 112 किए जा सकते हैं। इस पर राज्यों से सुझाव मांगे गए हैं और 25 नवंबर तक मिले सुझावों पर स्वास्थ्य मंत्रालय विचार कर रहा है। प्रस्ताव में यह बदलाव 1 दिसंबर से लागू करने की बात कही गई है। हालांकि सरकारी अस्पतालों की सुविधाओं को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय की 2024-25 की रिपोर्ट के अनुसार, 89% सरकारी अस्पतालों के स्व-मूल्यांकन में केवल 54% अस्पताल इंडियन पब्लिक हेल्थ स्टैंडर्ड्स (IPHS) पर 50% से अधिक स्कोर हासिल कर सके, यानी 46% अस्पताल इस स्तर तक नहीं पहुंचे। वहीं सरकार ने इस साल सभी अस्पतालों के मूल्यांकन के बाद 64% अस्पतालों का स्कोर 50% से ऊपर होने का दावा किया है। सवाल यह है कि सरकारी स्वास्थ्य ढांचा 112 पैकेज का बोझ कैसे संभालेगा।

सरकारी स्वास्थ्य इंफ्रास्ट्रक्चर की कमियों में बिस्तरों की कमी शामिल है। हर जिले में 1,000 की आबादी पर 1 बेड अनिवार्य और 2 बेड वांछनीय हैं, लेकिन जिला अस्पतालों में बेड की कमी से मरीजों का दबाव मेडिकल कॉलेजों पर है। जिला अस्पतालों में मंजूर 577 क्रिटिकल केयर ब्लॉक्स में से केवल 6 बने हैं। एनएचएम के तहत 3.89 लाख कर्मी संविदा पर हैं, जिनमें मात्र 5,062 विशेषज्ञ हैं। आयुष्मान में सूचीबद्ध 30,072 अस्पतालों में 48% निजी हैं।

एनएचएसआरसी की पूर्व सलाहकार और जेएनयू की रिटायर्ड प्रोफेसर प्रो. रितु प्रिया के मुताबिक बदलाव से लोगों को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और जिला अस्पतालों में इलाज मिल सकेगा, लेकिन डॉक्टरों और संसाधनों की कमी बड़ी चुनौती है। उनके अनुसार सरकारी अस्पतालों में सर्जन, एनेस्थीसियोलॉजिस्ट और अन्य विशेषज्ञ डॉक्टरों के करीब 70% पद खाली हैं। उन्होंने सरकार को शुरुआत में नियमों में छूट देने और खाली पदों को समय पर भरने की सलाह दी।