केंद्र सरकार आयुष्मान भारत योजना में बड़ा बदलाव करने की तैयारी में है। सरकारी अस्पतालों के लिए आरक्षित इलाज के पैकेज 23 से बढ़ाकर 112 करने का प्रस्ताव है। इस पर राज्यों से 25 नवंबर तक सुझाव मांगे गए हैं और स्वास्थ्य मंत्रालय उन पर विचार कर रहा है। प्रस्ताव में यह बदलाव 1 दिसंबर से लागू करने की बात कही गई है। हालांकि, सरकारी अस्पतालों की सुविधाओं और खाली पदों को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय की 2024-25 की रिपोर्ट के मुताबिक, 89% सरकारी अस्पतालों के स्व-मूल्यांकन में केवल 54% अस्पताल ही इंडियन पब्लिक हेल्थ स्टैंडर्ड्स (IPHS) पर 50% से अधिक स्कोर हासिल कर पाए। यानी 46% अस्पताल इस स्तर तक नहीं पहुंच सके। वहीं, सरकार ने इस साल सभी अस्पतालों के मूल्यांकन के बाद 64% अस्पतालों का स्कोर 50% से ऊपर होने का दावा किया है।

सरकारी स्वास्थ्य ढांचे की कमियों की ओर इशारा करते आंकड़े यह हैं कि जिला अस्पतालों में मंजूर 577 क्रिटिकल केयर ब्लॉक्स में से केवल 6 बने हैं। एनएचएम के तहत संविदा पर काम कर रहे 3.89 लाख कर्मियों में मात्र 5,062 विशेषज्ञ हैं। आयुष्मान में सूचीबद्ध 30,072 अस्पतालों में 48% निजी हैं, जबकि सरकारी अस्पतालों में सीटी स्कैन, एमआरआई, डायलिसिस और विशेषज्ञों की कमी रहती है।

एनएचएसआरसी की पूर्व सलाहकार और जेएनयू की रिटायर्ड प्रोफेसर प्रो. रितु प्रिया के मुताबिक, बदलाव से लोगों को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और जिला अस्पतालों में इलाज मिल सकेगा, लेकिन डॉक्टरों और संसाधनों की कमी बड़ी चुनौती है। उनके अनुसार सरकारी अस्पतालों में सर्जन, एनेस्थीसियोलॉजिस्ट और अन्य विशेषज्ञ डॉक्टरों के करीब 70% पद खाली हैं। उन्होंने सरकार को शुरुआत में नियमों में छूट देने और खाली पदों को समय पर भरने की सलाह दी है।