लखनऊ। आजाद समाज पार्टी ने यूपी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच विधानसभा प्रभारियों की चौथी सूची जारी की है। पार्टी की ओर से जारी इस सूची में छह विधानसभा सीटों के प्रभारियों के नाम शामिल हैं। इनमें 3 ओबीसी, 1 मुस्लिम और 2 एससी समुदाय के नेता हैं। पार्टी में आगे चलकर इन्हीं प्रभारियों के नाम उम्मीदवार के तौर पर घोषित किए जाते हैं।
सूची के मुताबिक हाथरस सदर (सुरक्षित) सीट से रमेश चंद्र को प्रभारी बनाया गया है। आगरा की एत्मादपुर सीट का प्रभारी रिंकू सेठ को नियुक्त किया गया है। शाहजहांपुर की कटरा सीट से सलीम चांद उर्फ चांद बाबू को प्रभारी बनाया गया है, जबकि शाहजहांपुर सदर सीट से हरिराम वर्मा को यह जिम्मेदारी दी गई है। गोंडा की कर्नलगंज विधानसभा सीट पर ऊषा देवी निषाद और गोरखपुर की पिपराइच सीट से विजय साहनी को विधानसभा प्रभारी घोषित किया गया है।
इससे पहले पार्टी ने 31 जुलाई को पहली, 21 सितंबर को दूसरी और 15 नवंबर को तीसरी सूची जारी की थी। आजाद समाज पार्टी ने इस विधानसभा चुनाव के लिए असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम के साथ मिलकर सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बनाया है, जिसके तहत दोनों दल अपने प्रत्याशी उतारेंगे। दो दिन पहले ओवैसी चंद्रशेखर आजाद के आवास पर आए थे और उनकी मां के साथ खाना खाया था।
गौरतलब है कि यूपी चुनाव 2022 में आजाद समाज पार्टी ने 110 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे। पार्टी को प्रदेश भर में 0.13 प्रतिशत वोट मिले थे और एक भी सीट नहीं जीत पाई थी। ओवैसी की पार्टी ने भी करीब 100 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे, लेकिन उसे भी एक भी सीट पर जीत नहीं मिली थी और उनके उम्मीदवार अपनी जमानत तक नहीं बचा पाए थे।
