लखनऊ: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग पर बातचीत चल रही है। माना जा रहा है कि दोनों दलों के बीच जल्द सहमति बन सकती है। इस बीच कांग्रेस की ओर से 181 सीटों के प्रस्ताव के बीच सपा नेता आजम खान का बयान सामने आया है।
आजम खान ने कहा कि कांग्रेस के साथ गठबंधन से कोई परेशानी नहीं है और सम्मानजनक समझौता होगा। सीटों के बंटवारे पर पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि बचपन से एक कहावत सुनी है कि लाइसेंस तोप का मांगो तो तमंचे का मिल जाएगा। हालांकि बाद में आजम ने स्पष्ट किया कि यह बात उन्होंने यूं ही हंसाने के लिए कह दी। उन्होंने कहा कि उनके कांग्रेस के लोगों से बहुत अच्छे रिश्ते हैं और आज की कांग्रेस की लीडरशिप अलग है।
आजम खान ने यह भी कहा कि अगर कांग्रेस को ज्यादा सीटें देनी पड़ी तो यह कुर्बानी होगी। उनके इस बयान के कई सियासी मायने तलाशे जा रहे हैं, क्योंकि यूपी में सपा और कांग्रेस के बीच सीटों को लेकर अंदरूनी खींचतान चल रही है।
कांग्रेस यूपी में गठबंधन के तहत 181 सीटें मांग रही है, जबकि अखिलेश यादव का कहना है कि जो जहां जीतने की स्थिति में होगा, उसे ही टिकट दिया जाएगा। उन्होंने यह भी साफ किया है कि दोनों दल गठबंधन के साथ ही चुनाव में जाएंगे।
