उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को अभी कुछ महीने बाकी हैं और सभी दलों की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। इस बीच डासना जेल से हुई सपा नेता आजम खान की रिहाई ने चुनावी सियासत को दिलचस्प बना दिया है। एक ताजा इंटरव्यू में आजम खान ने खुद को लेकर तंज कसते हुए कहा कि मेरी कोई कीमत तो लगे, कुछ मिल रहा नहीं और बाजार में बिक जाऊं।
एक इंटरव्यू में आजम खान से पूछा गया कि एक थ्योरी चल रही है कि उन्हें चुनाव के लिए रिहा करवाया गया है। इस पर उन्होंने कहा कि मैं तो यह वादा लेना चाहूंगा कि मुझे अब फिर से जेल न भेजें। भाजपा पर बिना नाम लिए तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि वे जो चाहते हैं, वैसा करके दिखाऊंगा, लेकिन कुछ इनाम भी तो मिले।
पूर्व मंत्री ने आगे कहा कि प्याला मेरे हाथ में दे दें, लेकिन उसमें कोई सिक्का भी न डालें तो इस प्याले को फेंक दूंगा। उन्होंने कहा कि मैं गली में रह रहा हूं, जेनरेटर भी नहीं है, मेरे लिए कुछ करें तो। मेरे लिए भी कुछ जायदाद खड़ी की जाए, हैदराबाद में तो हो जाती है। मेरा भी वैसा महल बनवा दें। बिना पैसों के तो बाजार में कोई सामान नहीं खरीदा जा सकेगा।
आजम खान ने कहा कि मैं बहुत अदना सा सामान हूं, लेकिन मेरी कोई कीमत तो लगे। कुछ मिल रहा नहीं है और बाजार में बिक जाऊं? किसलिए। सोशल मीडिया पर उनकी रिहाई को लेकर काफी चर्चा है और कई लोग मानते हैं कि यह रिहाई जानबूझकर करवाई गई, ताकि भाजपा को इससे फायदा हो सके। वहीं ओवैसी के यूपी चुनाव में एंट्री पर आजम खान ने कहा कि उनकी पार्टी के चार-पांच विधायक जीता करते थे। मैं उनके हौसले की दाद देता हूं। खुद चार विधायक हैं और वे चार सौ पर चुनाव लड़ने आ रहे हैं। मैं समझता हूं कि वे फौलाद से बने हुए हैं और शेर हैं। अब्दुल अल्लाह का नाम है, इसलिए अब्दुल से दरी उठाने की बात पर उन्होंने सख्त टिप्पणी की।
