आजमगढ़ के तरवा थाना क्षेत्र के फिरोजपुर गांव में बुधवार की शाम एक मजदूर की पोखरे में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव निवासी 40 वर्षीय मो. हुसैन के रूप में हुई है, जो मजदूरी करते थे।

जानकारी के अनुसार, गांव में घर से कुछ दूरी पर एक व्यक्ति के मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। मो. हुसैन प्रतिदिन की तरह बुधवार की सुबह काम पर गए थे और काम समाप्त होने के बाद पैदल घर लौट रहे थे। रास्ते में पोखरे के पास पहुंचने पर वे अचानक अनियंत्रित होकर गहरे पानी में गिर गए। उन्हें गिरता देख ग्रामीणों ने शोर मचाया, लेकिन जब तक लोग बचाने के लिए पहुंचे, तब तक वे पानी में डूब चुके थे।

सूचना मिलने पर पहुंचे स्वजन ने ग्रामीणों की मदद से काफी तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चला। बाद में रात में पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया। शव पानी में उतराया मिलने की सूचना पर गांव में भीड़ जुट गई और पुलिस ने जांच-पड़ताल की।

घटना के बाद से स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम का माहौल है।