आजमगढ़ के फूलपुर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। पलिया कुंवर नदी के पास पेट्रोल पंप के सामने तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार मां-बेटे को रौंद दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, सैदपुर गांव निवासी 45 वर्षीय प्रमिला अपने 19 वर्षीय बेटे नीरज के साथ बाइक से सरायमीर स्थित मौसी के घर शादी समारोह में शामिल होने जा रही थीं। इसी दौरान पलिया कुंवर नदी के पास पेट्रोल पंप के सामने तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि मां और बेटे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही दम तोड़ दिए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू की। दुर्घटना के बाद चालक कार छोड़कर फरार हो गया।
प्रमिला के परिवार में पति सुशील, दो बेटे और एक बेटी हैं। मां-बेटे की मौत से सैदपुर गांव में शोक का माहौल है। फूलपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है और कार चालक का पता लगाया जा रहा है।
