पाकिस्तान टेस्ट टीम के कप्तान बाबर आजम ने सोमवार को आईएलटी 20 में डेजर्ट वाइपर्स के लिए अपना डेब्यू किया। डेब्यू मैच में ही उन्होंने विस्फोटक अर्धशतक लगाते हुए टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। उनकी इस पारी की बदौलत डेजर्ट वाइपर्स ने शारजाह वारियर्स के खिलाफ छह विकेट से जीत दर्ज की। पिछले सीजन की विजेता डेजर्ट वाइपर्स के लिए इस सीजन यह पहली जीत है। बाबर को उनकी पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब भी दिया गया।

शारजाह वारियर्स के खिलाफ मुकाबले में बाबर आजम ने 51 गेंदों में 86 रन बनाए। उनकी पारी में 13 चौके और दो छक्के शामिल रहे। इस पारी के साथ बाबर आईएलटी-20 में एक पारी में 13 चौके लगाने वाले पहले बल्लेबाज भी बन गए हैं। बाबर का बल्ला लंबे समय से खामोश था। पिछली 10 पारियों में उनके बल्ले से सिर्फ एक अर्धशतक आया था। श्रीलंका और इंग्लैंड के खिलाफ त्रिकोणीय वनडे सीरीज में भी वह बड़ी पारी नहीं खेल सके थे। श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के पहले मैच में उन्होंने अर्धशतक लगाया था।

इस मुकाबले में शारजाह वारियर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 166 रन पर अपने सभी विकेट गंवा दिए। पॉल वाल्टर ने 43 गेंदों में 75 रन की पारी खेली, जबकि उनके अलावा कोई अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। खुज़ैमा बिन तनवीर और शादाब खान ने तीन-तीन विकेट चटकाए।

डेजर्ट वाइपर्स ने यह लक्ष्य 17.3 ओवर में चार विकेट खोकर हासिल कर लिया। बाबर आजम के अलावा जो क्लॉर्क ने 27 गेंदों में 35 रन बनाए।