इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में लागू बल्ला जांचने का नियम अब अंतरराष्ट्रीय मैचों में भी लागू हो सकता है। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) इस पर विचार कर रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, सौरव गांगुली की अध्यक्षता वाली आईसीसी की क्रिकेट कमेटी को मुख्य कार्यकारी समिति की तरफ से इस नियम के लिए हरी झंडी मिल गई है। बाली में हाल ही में हुई बैठक में इस पर फैसला हुआ है।

आईपीएल में अंपायरों के पास एक खांचा होता है। बल्लेबाज को क्रीज पर पैर जमाने से पहले अपना बल्ला इस खांचे से पार कराना होता है। अगर बल्ला खांचे से पार हो जाता है तो बल्लेबाज उसका इस्तेमाल कर सकता है, वरना उसे बल्ला बदलना पड़ता है। मैच से एक दिन पहले भी यह जांच होती है, लेकिन बल्लेबाजों के पास कई बल्ले होते हैं, इसलिए बल्लेबाजी के लिए आए खिलाड़ी को अंपायर क्रीज पर जाने से पहले रोककर उसका बल्ला जांचते हैं।

अंतरराष्ट्रीय मैचों में भी बल्लेबाजों के बल्ले की इसी तरह अचानक जांच की व्यवस्था लाई जाने वाली है। अंपायर बल्लेबाजों से बल्ला एक खांचे के अंदर से पार कराने को कहेंगे। अंपायरों को इस बारे में समझाया जाएगा, उसके बाद इसे मैदान पर लागू किया जाएगा।

क्रिकेट की नियामक संस्था एमसीसी के नियमों के मुताबिक, बल्ले की मोटाई 1.56 इंच और गहराई 2.64 इंच तक होनी चाहिए, जबकि चौड़ाई 4.25 इंच तक हो सकती है। हाल के समय में छक्कों की बढ़ती तादाद के चलते बल्ले के साइज को लेकर सवाल उठते रहे हैं। माना जा रहा है कि इसी को देखते हुए यह नियम लाने का फैसला किया गया है।