रांची के मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम को आधुनिक स्पोर्ट्स क्लब के रूप में विकसित करने की तैयारी चल रही है। इस योजना के तहत स्टेडियम परिसर में झारखंड का सबसे आधुनिक जिम बनाया जाएगा, जिसके निर्माण पर करीब ढाई करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
जिम और अन्य सुविधाओं का लाभ लेने के लिए जिमखाना, रांची क्लब और क्रिकेट कंट्री क्लब (जेएससीए) की तर्ज पर सदस्यता शुल्क निर्धारित किया जाएगा। जिम में अत्याधुनिक फिटनेस मशीनों के साथ व्यायाम और शारीरिक क्षमता बढ़ाने से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है।
स्टेडियम को क्लब का स्वरूप देने के लिए जिम के अलावा कई अन्य सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। परिसर में रेस्टोरेंट, इंडोर कोर्ट और बड़ा स्वीमिंग पूल बनाने का प्रस्ताव है। इंडोर कोर्ट में बैडमिंटन, टेबल टेनिस, पिकल बाल सहित अन्य खेलों की सुविधा उपलब्ध कराई जा सकती है। इस योजना का उद्देश्य स्टेडियम को ऐसे केंद्र के रूप में विकसित करना है, जहां खेल, फिटनेस और मनोरंजन की सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हों।
अभी स्टेडियम का उपयोग मुख्य रूप से खेल गतिविधियों और प्रतियोगिताओं के लिए किया जाता है। नई सुविधाएं विकसित होने के बाद इसकी उपयोगिता बढ़ने की उम्मीद है, जिससे खिलाड़ियों के साथ शहर के फिटनेस प्रेमियों को भी आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा। हालांकि, सदस्यता शुल्क की राशि, मेम्बरशिप की श्रेणियां, सुविधाओं के उपयोग की शर्तें और संचालन की जिम्मेदारी तय होना बाकी है। यह भी स्पष्ट होना है कि सदस्यता आम लोगों के लिए किस प्रकार उपलब्ध होगी।
