क्राइस्टचर्च में भारत के खिलाफ 27 नवंबर से शुरू हो रहे दूसरे टेस्ट मैच से पहले न्यूजीलैंड को झटका लगा है। न्यूजीलैंड क्रिकेट ने बयान जारी कर बताया कि तेज गेंदबाज ब्लेयर टिकनर चोट के कारण इस मैच में नहीं खेल पाएंगे। वेलिंग्टन में अभ्यास के दौरान उन्हें मांसपेशियों में खिंचाव की शिकायत हुई, जिसके बाद वह दूसरे टेस्ट से बाहर हो गए। टिकनर पहले टेस्ट में टीम की प्लेइंग-11 का हिस्सा नहीं थे।

क्राइस्टचर्च में उनकी आगे जांच होगी, जिससे चोट की गंभीरता का पता चल सकेगा। इसके बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि वह कब तक वापसी कर सकते हैं।

न्यूजीलैंड ने टिकनर के रिप्लेसमेंट का भी एलान कर दिया है। मैट फिशर को उनकी जगह टीम में चुना गया है। फिशर भारत के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज में न्यूजीलैंड टीम का हिस्सा रहे थे और अब क्राइस्टचर्च में टीम के साथ जुड़ेंगे।

गौरतलब है कि वेलिंग्टन में खेला गया पहला टेस्ट मैच ड्रॉ रहा था। अब दोनों टीमों की नजरें दूसरे टेस्ट पर हैं, जिसे जीतने वाली टीम सीरीज अपने नाम करेगी। टी20 और वनडे सीरीज के बाद टेस्ट में भी कीवी टीम खिलाड़ियों की चोटों से परेशान है।