बागपत की सहकारी चीनी मिल राम भरोसे में बुधवार सुबह साढ़े चार बजे 1.5 मेगावाट क्षमता की टरबाइन नंबर दो धमाके के साथ फट गई, जिससे गन्ना पेराई ठप हो गई है। मिल में अब 15 दिन तक पेराई बंद रहेगी। टरबाइन पर कुछ दिन पहले ही करीब एक करोड़ रुपये की मरम्मत कराई गई थी, लेकिन वह 15 दिन भी नहीं चल सकी।
धमाके के बाद मिल परिसर में काम कर रहे कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारी देशपाल ने आठ फीट ऊपर से कूदकर और पवन शुक्ल ने दूसरी टरबाइन के पीछे कूदकर जान बचाई, जबकि नीचे काम कर रहे छह कर्मचारी बाहर भाग गए। धमाके की तेजी से टरबाइन के पुर्जे ऊपर तक उछले और मिल का टिन शेड भी फट गया। टरबाइन फटते ही बिजली उत्पादन ठप हो गया और चीनी मिल बंद हो गई।
सूचना पर सुबह पांच बजे जिला गन्ना अधिकारी अशर्फी लाल, बागपत मिल समिति के सचिव अनिल यादव और मिल प्रधान प्रबंधक प्रदीप कुमार मौके पर पहुंचे। गन्ना लेकर आए किसानों ने मिल में आए दिन खराबी आने पर हंगामा किया और अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया। किसान विपिन त्यागी का कहना है कि यह मिल कई सालों से मरम्मत के सहारे चल रही है और कर्मचारियों की जान भी खतरे में रहती है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद जिलाधिकारी दिव्यांशु पटेल और एसपी पूर्णेंदु सिंह भी चीनी मिल पहुंचे। टरबाइन के बारे में जानकारी लेने के बाद उन्होंने किसानों का गन्ना अन्य चीनी मिलों में डायवर्ट कराने का निर्देश दिया, ताकि किसानों को परेशानी न हो। मिल में चार नवंबर को पेराई सत्र शुरू हुआ था, लेकिन सात नवंबर को टरबाइन खराब हो गई थी। तीन दिन की मरम्मत के बाद 10 नवंबर को मिल चालू की गई थी। 13 नवंबर को टरबाइन और बॉयलर खराब होने से पेराई फिर बंद हुई थी और 14 नवंबर को मिल दोबारा चालू की गई थी।
