बल्लभगढ़ में राष्ट्रीय राजमार्ग पर रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) को चार से सात लेन बनाने की योजना को मंजूरी मिल गई है। राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्रालय ने दिल्ली-आगरा खंड पर 1123.56 करोड़ रुपये की योजना को यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए स्वीकृति दी है, जिसके तहत यह काम होगा। राजमार्ग को आगरा से दिल्ली तक छह लेन किया जा चुका है, लेकिन बल्लभगढ़ आरओबी अभी चार लेन का है, जिसके कारण यहां अक्सर जाम लगता है और कई बार दुर्घटनाएं भी होती हैं।

इसी योजना के तहत सेक्टर-58 में अर्थमूवर उद्योग के सामने की रेड लाइट को खत्म करके अंडरपास बनाया जाएगा। आरओबी के नीचे दिल्ली और पलवल दोनों तरफ यू-टर्न बनाने की योजना को भी स्वीकृति मिली है। परियोजना निदेशक धीरज सिंह के अनुसार जल्दी ही इसका टेंडर लगा दिया जाएगा।

अनाज मंडी को ध्यान में रखते हुए यू-टर्न बनाने की योजना को मंजूरी दी गई है। किसान पुरुषोत्तम डागर के अनुसार यू-टर्न बन जाने से किसान आसानी से अनाज लेकर मंडी आ-जा सकेंगे। आढ़ती राहुल मित्तल ने कहा कि मंडी आने-जाने में परेशानी के कारण कई किसान पलवल और मोहना मंडी जाते हैं और आवक हर सीजन घट रही है। मार्केट कमेटी बल्लभगढ़ के चेयरमैन संजीव बैसला ने कहा कि यू-टर्न की मांग कई बार की गई थी और अब यह पूरी हो गई है।

केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि किसानों और आढ़तियों से अनाज मंडी के लिए यू-टर्न बनाने का वायदा किया गया था, जिससे किसानों को परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि योजना को मंजूरी मिल चुकी है और इससे ट्रैफिक जाम से छुटकारा मिलेगा।