बलिया के नगरा क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक दुखद घटना सामने आई। विशरूप गांव के समीप तालाब में नहाने गए तीन युवकों में से दो की डूबने से मौत हो गई, जबकि एक युवक को ग्रामीणों ने बचा लिया। तीनों युवक गांव में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने आए थे।
जानकारी के अनुसार, विशरूप गांव निवासी मुन्नीलाल सिंह की बेटी की शादी 26 नवंबर को होनी थी और 22 नवंबर को तिलक का कार्यक्रम निर्धारित था। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रिश्तेदार और परिचित पहुंच रहे थे। इसी क्रम में तीन युवक भी शादी समारोह में शामिल होने आए थे। शनिवार को अपराह्न करीब ढाई बजे तीनों युवक गांव के समीप स्थित तालाब में नहाने चले गए। बताया जाता है कि करीब 100 एकड़ क्षेत्रफल में फैले इस तालाब में मछली पकड़ने के लिए मछुआरों की डेंगी रखी गई थी। रसड़ा क्षेत्र के मछुआरे यहां मछली पालन कर अपनी आजीविका चलाते हैं। तीनों युवक मछुआरों की डेंगी लेकर तालाब में चले गए और नहाने लगे। इसी दौरान वे गहरे पानी में पहुंच गए और डूबने लगे।
युवकों को डूबता देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और बचाव कार्य शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद 18 वर्षीय आयुष पुत्र दीपक निवासी यूसुफपुर, थाना मुहम्मदाबाद, जनपद गाजीपुर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं, 19 वर्षीय सनी पुत्र संजय कुर्मी निवासी डुमरांव, बिहार तथा 19 वर्षीय किशन पुत्र दिलीप कुमार निवासी सीताकुंड, बलिया को बाहर निकालकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नगरा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही नगरा थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने दोनों मृत युवकों के शव कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। एसडीएम शरद चौधरी और क्षेत्राधिकारी रजनीश कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। एक ओर घर में बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहीं इस हादसे ने परिवार और समारोह में शामिल लोगों को गहरे सदमे में डाल दिया।
