बलरामपुर के नहर बालागंज स्थित पंजाब नेशनल बैंक शाखा में हुई धोखाधड़ी के मामले में आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी गई है। मामले में वरिष्ठ शाखा प्रबंधक महेश त्रिपाठी समेत कई लोगों के विरुद्ध नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने मामले में वांछित चल रहे अभियुक्त यशवंत कुमार पुत्र बाढ़ू, निवासी ग्राम रसूलपुर हमीदपुर, थाना घोषी, जनपद मऊ के विरुद्ध कुर्की की उद्घोषणा की है। नियत तिथि पर आरोपित के न्यायालय में उपस्थित न होने पर उसकी संपत्ति कुर्क कर दी जाएगी।
नगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार मिश्र ने बताया कि मामले की विवेचना क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक सिंह कर रहे हैं। इसमें अभियुक्त यशवंत कुमार के विरुद्ध मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने बीते 21 सितंबर को धारा 84 के तहत उद्घोषणा आदेश जारी किया था।
न्यायालय के आदेश के अनुपालन में पुलिस टीम ने बीते एक अक्टूबर को अभियुक्त के पते पर मुनादी कराई है। यदि फरार चल रहा आरोपित न्यायालय में उपस्थित नहीं होता है, तो उसकी संपत्ति को कुर्क कर दिया जाएगा। सीओ सिटी ने बताया कि विवेचना चल रही है।
