गुजरात के बनासकांठा ज़िले के वडगाम तालुका के डालवाणा गांव में एक भैंस ने दो सिर (मुंह) वाले बच्चे को जन्म दिया है। पशुपालक बाबूजी ठाकोर की भैंस ने इस बच्चे को जन्म दिया। बच्चे का शरीर एक है, लेकिन दो मुंह हैं। इस ख़बर के फैलने के बाद आसपास के गांवों से लोग इसे देखने डालवाणा पहुंच रहे हैं। स्थानीय स्तर पर कुछ लोग इसे 'कुदरत का चमत्कार' बता रहे हैं।

हालांकि, पशु चिकित्सक इसे चमत्कार नहीं मानते। पशु चिकित्सक रमेश पटेल के अनुसार, गर्भ के विकास के दौरान, ख़ासकर गाय या भैंस के मामले में, 13वें या 14वें दिन कोशिकाओं का विभाजन होता है। अगर यह प्रक्रिया बीच में रुक जाती है, तो ऐसी घटनाएं हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में भी कोशिका विभाजन रुकने की वजह से दो बच्चे अलग होने के बजाय आपस में जुड़ गए और उनके दो मुंह हो गए। उनका साफ़ मानना है कि यह कोई 'दैवीय चमत्कार' नहीं है और इस बारे में अंधविश्वास या अफ़वाह फैलाने की ज़रूरत नहीं है।

गांधीनगर के सरकारी पशु अस्पताल के पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. जिगर कंसारा ने कहा कि कोशिका विभाजन के दौरान जब कोशिकाएं पूरी तरह अलग नहीं हो पातीं और यह प्रक्रिया बीच में रुक जाती है, तो दो सिर वाले जानवर पैदा होते हैं। वैज्ञानिक भाषा में इसे 'डाइसेफेलिक हेड' कहा जाता है। उनके मुताबिक़, ऐसे ज़्यादातर मामलों में दो सिर वाले जानवर जन्म के कुछ ही समय बाद मर जाते हैं, और बच भी जाएं तो पूरी तरह विकसित नहीं हो पाते।

बच्चे के मालिक चंदाजी बाबूजी ठाकोर ने कहा कि बच्चे का जन्म सामान्य तरीके से हुआ था, लेकिन इसे देखकर वे हैरान रह गए। उन्होंने कहा कि यह ख़बर फैलने के बाद खेरालू, विसनगर और पालनपुर जैसे दूर-दराज़ के इलाक़ों से भी लोग इसे देखने आ रहे हैं। ठाकोर इसे कुदरत का चमत्कार मानते हैं।