प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को भगवान मुरुगन को समर्पित एक तमिल वाक्य 'वेट्रिवेल मुरुगनक्कु अरोगरा' पोस्ट किया, जिसका अर्थ है भगवान मुरुगन की जय हो। उन्होंने यह वाक्य अंग्रेजी और हिंदी लिपि में भी साझा किया। पीएम मोदी ने इस पोस्ट में कोई और विवरण नहीं दिया।
यह पोस्ट सुप्रीम कोर्ट के उस आदेश के कुछ घंटों बाद आया, जो मदुरै के अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर से जुड़े कार्तिगई दीपम विवाद में दिया गया। यह मंदिर भगवान मुरुगन को समर्पित है।
सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु सरकार पर अपनी अवमानना का आरोप लगाते हुए कड़ी टिप्पणी की। कोर्ट ने 20 नवंबर को दिए गए अपने आदेश का पालन न करने पर नाराजगी जताई थी, जिसमें 24 नवंबर को तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर दीपथून पत्थर के खंभे पर कार्तिगई दीपम जलाने का निर्देश दिया गया था। राज्य सरकार ने कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए दीपम को पारंपरिक स्थान, यानी उच्चि पिल्लयार मंदिर के पास दीप मंडपम पर ही जलाया था।
कोर्ट ने कहा कि तमिलनाडु सरकार और मंदिर के ट्रस्टी बोर्ड ने मिलकर उसके निर्देशों का उल्लंघन किया। जिला कलेक्टर, एचआरएंडसीई विभाग के अधिकारी, पुलिस कमिश्नर और मंदिर बोर्ड के सदस्यों के खिलाफ अवमानना की कार्रवाई शुरू करने के आधार पाए गए। उन्हें 15 दिसंबर को कोर्ट में पेश होने का आदेश दिया गया है।
