छत्तीसगढ़ में 2019 से 2022 के बीच हुए करीब 3,200 करोड़ रुपये के शराब घोटाले में फरार चल रहे वित्तीय समन्वयक विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से शुक्रवार को भारत लाया गया। सीबीआई ने विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और छत्तीसगढ़ पुलिस के समन्वय से उसका प्रत्यर्पण कराया। मूलत: बिलासपुर निवासी विकास अग्रवाल को शराब सिंडिकेट का मनीमैन बताया गया है।
उस पर आरोप है कि उसने डिस्टिलरी से अधिकारियों और अन्य लाभार्थियों तक कमीशन की रकम पहुंचाने तथा अपराध की कमाई को विभिन्न कंपनियों के जरिए छिपाने में अहम भूमिका निभाई। उसे मुंबई एयरपोर्ट लाया गया है। शनिवार को उसे रायपुर की विशेष कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी है।
राज्य पुलिस के अनुरोध पर सीबीआई के माध्यम से इंटरपोल ने विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू के खिलाफ रेड नोटिस जारी कराया था। इसके बाद उसकी लोकेशन यूएई में मिली और वहां की एजेंसियों ने उसे गिरफ्तार कर लिया। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद यूएई ने उसे भारत प्रत्यर्पित किया।
राज्य पुलिस की एस्कॉर्ट टीम यूएई पहुंची थी। दुबई अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उसे भारतीय टीम को सौंपा गया, जिसके बाद शुक्रवार शाम विकास को मुंबई एयरपोर्ट लाया गया। जांच एजेंसी शनिवार सुबह उसे रायपुर की विशेष कोर्ट में पेश कर विस्तृत पूछताछ के लिए रिमांड पर लेने का आवेदन देगी।
