चेन्नई के कारोबारी वर्द्धमान जैन और राधिका जैन ने गुरुवार (26 नवंबर, 2026) को तिरुमला स्थित भगवान वेंकटेश्वर स्वामी को 121 किलो सोने और हीरे के आभूषण भेंट किए। इन आभूषणों की कीमत करीब 207.6 करोड़ रुपये बताई गई है। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की मौजूदगी में तिरुमला मंदिर में यह भेंट चढ़ाई गई।

तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) के जनसंपर्क अधिकारी रवि ने बताया कि भगवान की मूल प्रतिमा को सिर से पैर तक सजाने के लिए सोने और हीरे के 46 तरह के आभूषण भेंट किए गए हैं। इनमें से 106 किलोग्राम सोने का इस्तेमाल तिरुमला की देवी के लिए आभूषण बनाने में किया गया है, जबकि बाकी 15 किलोग्राम सोने से तिरुचानूर स्थित श्री पद्मावती देवी के लिए सोने के वस्त्र तैयार किए जाएंगे।

टीटीडी के जनसंपर्क अधिकारी रवि, टीटीडी के पूर्व कार्यकारी अधिकारी (ईओ) एलवी सुब्रमण्यम और पूर्व मुख्य पुजारी डॉ. एवी रमण दीक्षितुलु ने बताया कि 1933 में ब्रिटिश शासन के दौरान टीटीडी की स्थापना के बाद पिछले नौ दशकों में पहली बार इतनी बड़ी मात्रा में सोना दान में मिला है। रमण दीक्षितुलु ने कहा कि श्रीकृष्णदेवराय के शासनकाल के बाद इतिहास में पहली बार इतनी बड़ी मात्रा में सोने के आभूषण भेंट किए गए हैं। उन्होंने कहा कि वर्द्धमान जैन आधुनिक इतिहास में एक बार में सबसे अधिक सोने के आभूषण दान करने वाले व्यक्ति के रूप में दर्ज होंगे।

वर्द्धमान जैन चेन्नई स्थित कंपनी एशिया इंजीनियरिंग के निदेशक हैं। वह हेल्थकेयर क्षेत्र में बिजनेस प्रोसेस आउटसोर्सिंग (बीपीओ) सेवाएं देने वाली प्रमुख कंपनी एक्सेस हेल्थकेयर के संस्थापक और बोर्ड के उपाध्यक्ष भी हैं। टीटीडी के जनसंपर्क अधिकारी रवि ने बताया, "वर्द्धमान जैन भगवान तिरुमला श्रीवारी के बड़े भक्त हैं। करीब 15 महीने पहले उन्होंने अपनी हेल्थकेयर कंपनी के शेयर बेचकर कुछ हजार करोड़ रुपये कमाए थे। उन्होंने उसी समय भगवान को बड़ा उपहार भेंट करने का संकल्प लिया था।" इसी संकल्प के तहत उन्होंने भगवान के लिए 106 किलोग्राम सोने और हीरे के आभूषण और देवी के लिए 15 किलोग्राम सोने के आभूषण बनवाने की योजना बनाई। इन आभूषणों को चेन्नई की एक प्रमुख सोने के आभूषण बनाने वाली कंपनी ने तैयार किया है।

टीटीडी के जनसंपर्क अधिकारी रवि ने बताया, "इन 46 आभूषणों को लकड़ी के 46 बक्सों में सुरक्षित रखा गया और एक लॉरी से चेन्नई से तिरुमला श्रीवारी मंदिर लाया गया। श्रीवारी मंदिर के रंगनायक मंडपम में इन आभूषणों को प्रदर्शित किया गया और टीटीडी के अधिकारियों ने इनकी जांच कर सूची तैयार की।"

ऐसा नहीं है कि वर्द्धमान जैन ने पहली बार टीटीडी को इतना बड़ा दान दिया है। टीटीडी के जनसंपर्क अधिकारी रवि ने बताया कि जैन पहले भी कई मौकों पर टीटीडी को दान दे चुके हैं। रवि के मुताबिक, जनवरी 2025 में वर्द्धमान जैन ने टीटीडी के तहत आने वाले अलग-अलग ट्रस्टों को छह करोड़ रुपये दान दिए थे। इसमें से पांच करोड़ रुपये टीटीडी की गौशाला में पशुओं के लिए चारा मिलाने का संयंत्र बनाने के लिए दिए गए थे। इसके अलावा, श्रीवारी हुंडी में चढ़ावे के तौर पर मिलने वाले सिक्कों की गिनती की प्रक्रिया तेज करने के लिए उन्होंने करोड़ों रुपये की सिक्के छांटने और गिनने वाली मशीन भी भेंट की थी। इसी साल मई में उन्होंने तिरुमला में श्रद्धालुओं को मुफ्त परिवहन सुविधा देने के लिए टीटीडी को एक 'ओलेक्ट्रा' इलेक्ट्रिक बस भी दान की थी। उन्होंने श्री वेंकटेश्वर भक्ति चैनल के विकास के लिए सात करोड़ रुपये का दान दिया था। साल 2020 में भी उन्होंने अलग-अलग मौकों पर 2.10 करोड़ रुपये और 1.11 करोड़ रुपये का दान दिया था। टीटीडी के अधिकारियों के मुताबिक, वर्द्धमान जैन ने चेन्नई स्थित टीटीडी मंदिर को भी बड़े पैमाने पर दान दिया है।

टीटीडी के अधिकारियों के मुताबिक, वर्द्धमान जैन अब तक सबसे अधिक वज़न के सोने के आभूष