बांग्लादेश के विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने कहा है कि अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना भारत-बांग्लादेश संबंधों में 'कांटा' बन गई हैं। कबीर ने गुरुवार को विदेश मंत्रालय में पत्रकारों से बात करते हुए हसीना की तुलना भारत के लिए ऐसे अनचाहे मेहमान से की, जो अचानक किसी के घर आ जाए। उन्होंने कहा कि हसीना परेशानी का कारण बन गई हैं और नई दिल्ली को भी उनकी मौजूदगी से द्विपक्षीय संबंधों में तनाव महसूस हो रहा है।
कबीर की यह टिप्पणी भारत के उस बयान के एक दिन बाद आई है, जिसमें हसीना की 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटने की योजना पर टिप्पणी करने से परहेज किया गया था।
इस बीच, बांग्लादेशी अधिकारियों ने हसीना के गृह जिले गोपालगंज में शुक्रवार से सोमवार तक मोबाइल बैंकिंग पर रोक लगा दी है। यह कदम उनकी स्वदेश वापसी की योजना को लेकर बढ़ते राजनीतिक तनाव के बीच उठाया गया है।
बता दें कि हिंसक छात्र आंदोलन के चलते पांच अगस्त, 2024 को हसीना के नेतृत्व वाली अवामी लीग सरकार अपदस्थ हो गई थी, जिसके बाद से वह भारत में रह रही हैं।
