बांग्लादेश में जारी हिंसा के बीच प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने बिना नाम लिए भारत पर निशाना साधा है। डेली स्टार के अनुसार, गुरुवार को उन्होंने कहा कि अब बहुत हो गया और आतंकवादियों, हत्याओं और आग लगाने वालों को जवाब देना होगा। रहमान के आरोप हैं कि एक समूह ने देश के खिलाफ साजिश शुरू की है और सीमा पार जिस देश में वे भागे हैं, वहीं उनके आका रहते हैं। उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया।
रहमान ने कहा कि जो दल 2024 के संघर्ष में साथ थे, उन सभी को एक हो जाना चाहिए। मंगलवार को उन्होंने 2024 की भावना के साथ एकजुट होने की बात कही थी। इन घटनाक्रमों के बीच आवामी लीग ने मुल्क में बंद बुलाया है, जिसके बाद कई क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) की 96 टुकड़ियां, जिनमें 3 हजार जवान हैं, ढाका, चटगांव, नारायणगंज, गाजीपुर, गोपालगंज, मैमनसिंह और फरीदपुर के संवेदनशील इलाकों में पुलिस की मदद के लिए भेजी गई हैं। नागरिक विमानन अधिकारियों ने बताया कि तोड़फोड़, आगजनी और देसी बम विस्फोट की घटनाओं के बाद सभी हवाई अड्डों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
यह घटनाक्रम ऐसे समय पर हो रहे हैं, जब पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना बांग्लादेश लौटने की तैयारी कर रही हैं। उन्होंने दिसंबर में मुल्क वापसी के संकेत दिए थे। उनके खिलाफ बांग्लादेश में कई मुकदमे चल रहे हैं और अदालत ने मौत की सजा भी सुनाई है। फिलहाल उनकी वापसी की तारीख तय नहीं है और भारत की तरफ से भी इस पर औपचारिक बयान नहीं आया है। हसीना की दिसंबर में "किसी भी कीमत पर" स्वदेश लौटने की घोषणा के बाद हिंसा की ताजा घटनाएं शुरू हुईं, जिनकी शुरुआत उनके गृहनगर तुंगिपारा में दर्जनों युवाओं की गिरफ्तारी के बाद फैले तनाव से हुई।
इससे एक दिन पहले बांग्लादेश के पूर्व मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस के ठिकानों पर हमले किए गए थे। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, चटगांव के पांचलाइस इलाके में उनके घर को आग लगा दी गई थी, जिसमें उनके परिवार के सदस्य सुरक्षित हैं। उनके स्थापित ग्रामीण बैंक की कई शाखाओं पर भी हमले हुए।
