गंगा जल संधि की अवधि 12 दिसंबर को समाप्त हो रही है। बांग्लादेश, जो पहले संधि को नए सिरे से करने पर अड़ा था, अब इसके नवीकरण के लिए भारत से बातचीत करने को तैयार हो गया है। बांग्लादेश के जल संसाधन मंत्री शाहिदउद्दीन चौधरी ने भारत को पत्र लिखकर जल्द बातचीत शुरू करने की अपील की है।
बांग्लादेश की 10 सदस्यीय तकनीकी समिति के प्रमुख और प्रधानमंत्री तारिक रहमान के सलाहकार राशद तितुमीर के अनुसार संधि से जुड़ी तैयारियां पूरी हो गई हैं। उन्होंने कहा कि गंगा के पानी के समान और निष्पक्ष बंटवारे के लिए जरूरी कदम उठाया जाएगा और संधि की अवधि पूरी होने से पहले ही ठोस कदम उठाया जाएगा। बांग्लादेश चाहता था कि संधि नए सिरे से की जाए और इसमें सूखे के दौरान मिलने वाले पानी की मात्रा की गारंटी दी जाए। वह एक विशेष तकनीकी टीम गठित करने की भी मांग कर रहा था। वहीं भारत का कहना है कि गंगा जल संधि और सीमा पार नदियों के विवाद को सुलझाने के लिए संयुक्त नदी आयोग पर्याप्त है और यही काम करता रहेगा।
भारत और बांग्लादेश कम से कम 54 नदियों का जल साझा करते हैं, लेकिन समझौता केवल गंगा नदी के पानी को लेकर हुआ है। मौजूदा संधि 12 दिसंबर 1996 को हुई थी, जब बांग्लादेश में शेख हसीना की सरकार थी। संधि के अनुसार जनवरी से मई तक अगर नदी का बहाव 70 हजार क्यूसेक से कम होता है तो बांग्लादेश को कम से कम 35 हजार क्यूसेक पानी देना होता है।
बता दें कि शेख हसीना की सरकार गिरने के बाद दोनों देशों के संबंध खराब हो गए थे। मोहम्मद यूनुस की अगुआई में बनी अंतरिम सरकार के दौरान कानून व्यवस्था बिगड़ी और अल्पसंख्यक हिंदुओं पर अत्याचार की खबरें आईं। बांग्लादेश पाकिस्तान से करीबी बढ़ाने लगा और शेख हसीना के भारत में शरण लेने को लेकर बांग्लादेश के नेता लगातार आरोप लगाते रहे। अब बांग्लादेश में एक बार फिर हिंसा हो रही है और प्रधानमंत्री तारिक रहमान संकेतों में भारत को इसके लिए जिम्मेदार ठहरा चुके हैं।
