1996 की ऐतिहासिक गंगा जल बंटवारा संधि को लेकर बांग्लादेश का रुख नरम पड़ता दिख रहा है। पहले यह संधि की जगह नए समझौते की मांग कर रहा था, अब ढाका मौजूदा संधि के नवीनीकरण पर बातचीत के लिए तैयार हो गया है। बांग्लादेश को उम्मीद है कि 12 दिसंबर को संधि की अवधि समाप्त होने से पहले नई दिल्ली का राजनीतिक नेतृत्व नवीनीकरण के लिए औपचारिक बातचीत शुरू करने की दिशा में ठोस कदम उठाएगा।
बताया जाता है कि बांग्लादेश पहले ऐसे नए समझौते की मांग पर अड़ा था, जिसमें सूखे के मौसम में उसे मिलने वाले पानी की मात्रा की ठोस गारंटी हो। इसके अलावा उसने नई दिल्ली से इस मुद्दे पर चर्चा के लिए एक विशेष तकनीकी टीम गठित करने की मांग भी की थी।
दूसरी ओर, भारत का रुख स्पष्ट रहा है कि गंगा संधि सहित सीमा-पार नदियों से जुड़े सभी विवादों और मुद्दों के समाधान के लिए 'संयुक्त नदी आयोग' ही एक स्थापित और पर्याप्त तंत्र है।
ढाका में संधि के कार्यान्वयन पर गठित 'बांग्लादेश-भारत संयुक्त समिति' की 91वीं बैठक के बाद बांग्लादेश की 10 सदस्यीय तकनीकी समिति के प्रमुख और प्रधानमंत्री के वित्त एवं योजना सलाहकार राशद तितुमीर ने पत्रकारों से बातचीत की।
