ढाका। बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की 16 दिसंबर को घोषित वतन वापसी से पहले तनाव बढ़ गया है। बांग्लादेशी सूत्रों के मुताबिक हालात काफी नाजुक हैं। पुलिस ने शेख हसीना के पूर्व डिप्टी प्रेस सेक्रेटरी केएम सखावत मून, पूर्व डिप्टी कमिश्नर मोहम्मद इलियास हुसैन और इनकम टैक्स वकील सूफी मोहम्मद अल मामून को गिरफ्तार किया है। वहीं गाजीपुर और नोआखली में दो सीनियर पुलिस अधिकारियों—एसपी मो. अबुल कलाम आजाद और एएसपी मो. रकीबुल हसन—को कथित तौर पर 'देश विरोधी' हरकत के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। अब तक चार सीनियर पुलिस अधिकारी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
शेख हसीना के गृह जिले गोपालगंज में हजारों समर्थक सड़कों पर उतरे हैं। उन्होंने शेख मुजीबुर रहमान के स्मारक के पास 'गोपालगंज को आजाद करो' के नारे लगाए। इसके बाद जमात-ए-इस्लामी के प्रमुख शफीकुर रहमान ने चेतावनी दी कि जिले को अलग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज किया जाएगा। अवामी लीग ने 27-28 नवंबर को देशव्यापी लॉकडाउन और 29-30 नवंबर को 48 घंटे के देशबंद का आह्वान किया है। गोपालगंज में ट्रेन सेवाएं रोक दी गई हैं और लॉकडाउन जैसे हालात हैं। बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश की 109 प्लाटून सात जिलों में तैनात की गई हैं, जिनमें सबसे ज्यादा 56 प्लाटून गोपालगंज में हैं।
अवामी लीग ने तारिक रहमान सरकार के सामने आठ सूत्री मांगें रखी हैं, जिनमें पार्टी और उसके छात्र संगठन पर लगा प्रतिबंध हटाना, शेख हसीना समेत अन्य नेताओं पर दर्ज मुकदमे वापस लेना और राजनीतिक बंदियों की रिहाई शामिल है। सरकार ने साफ किया है कि शेख हसीना को देश लौटते ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गृहमंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने पुलिस महकमे में विद्रोह रोकने के लिए आंतरिक सुरक्षा बलों की निगरानी बढ़ाने के आदेश दिए हैं और चेतावनी दी है कि कुछ पुलिस अधिकारी या सुरक्षा कर्मी देश को अस्थिर करने की साजिशों में शामिल हो सकते हैं।
गौरतलब है कि जुलाई-अगस्त 2024 में शेख हसीना सरकार के खिलाफ हिंसक आंदोलन के बाद उन्हें भारत आना पड़ा था। मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार में एक स्पेशल ट्रिब्यूनल ने अगस्त-2024 हिंसा मामले में शेख हसीना को दोषी ठहराते हुए फांसी की सजा सुनाई, जिसे उन्होंने एकतरफा और राजनीतिक बताया है। नवंबर में हिंसक घटनाओं में चार लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है और चार पुलिस थानों को जलाया गया है। गोपालगंज के तुंगीपाड़ा में 17 नवंबर को हुए बम हमले और आगजनी को लेकर 5,008 लोगों को आरोपी बनाया गया है। एक सूत्र ने संकेत दिए हैं कि शेख हसीना की गिरफ्तारी होने पर देश में गृहयुद्ध जैसे हालात बन सकते हैं।
