बाराबंकी के बनीकोडर में कल्याणी नदी पर ढेमा घाट पुल का शिलान्यास हो गया है। यह पुल 7.58 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा। शुक्रवार को खाद्य रसद एवं नागरिक आपूर्ति राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने इसका शिलान्यास किया। पुल कुंवरपुर-ढेमा संपर्क मार्ग पर बनाया जाएगा।

राज्यमंत्री ने कहा कि पुल निर्माण में कई लोगों ने अड़चन डालने का प्रयास किया, लेकिन अब परियोजना धरातल पर उतर रही है। पुल बनने से आसपास के गांवों की तहसील मुख्यालय से दूरी 15-16 किलोमीटर कम हो जाएगी।

ढेमा, बसेगापुर, सलेमपुर, सिन्नी, सड़वा, अमहिया, ओहारपुरवा और पारा के लोगों को अभी तहसील व जिला मुख्यालय जाने के लिए मवई होकर लंबा चक्कर लगाना पड़ता है। वहीं कुंवरपुर, शेखपुर, चौरी, हनुमंतपुर, बहरेला, टिकरा और समधी का पुरवा के लोगों को नदी पार करने के लिए नाव का सहारा लेना पड़ता है, जिसमें बाइक के 20 रुपये और व्यक्ति के 10 रुपये किराया देना पड़ता है।

पुल बनने से दोनों ओर के गांवों के बीच दूरी घटकर तीन-चार किलोमीटर रह जाएगी। इस पार के लोगों के लिए अयोध्या और उस पार के लोगों के लिए लखनऊ पहुंचना आसान होगा। इस मौके पर सुरेंद्र मिश्र, प्रधान संघ अध्यक्ष प्रदीप सिंह, रामनारायण रावत, राजेश यादव, जिला मंत्री विवेक तिवारी, रूपेश सिंह, शशिकांत वर्मा, हरिशंकर तिवारी, बसंत सिंह, राकेश लोधी, संतोष सिंह, पंकज तिवारी और रघुराज प्रताप मौजूद रहे।