बाराबंकी की हाईप्रोफाइल सोसाइटियों में अपराधियों और भू-माफियाओं के छिपने के मामलों के बाद पुलिस ने किरायेदारों के सत्यापन का निर्णय लिया है। पुलिस अधीक्षक रवीना त्यागी के अनुसार, इसका उद्देश्य किराये पर रहने वाले लोगों की वास्तविक पहचान और पृष्ठभूमि की जानकारी जुटाना है, ताकि अपराधियों को इन सोसाइटियों में सुरक्षित ठिकाना न मिल सके।

लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर स्थित शालीमार, मन्नत और वीआईपी अपार्टमेंट में बड़ी संख्या में लोगों ने निवेश के उद्देश्य से फ्लैट खरीदे हैं, जो किराये पर दिए गए हैं। इनमें सरकारी कर्मचारी, छात्र-छात्राएं और व्यापारी परिवारों के साथ साइबर अपराधी, भूमि माफिया और जालसाज भी रह रहे हैं। किरायेदारों की पहचान और पृष्ठभूमि की पड़ताल न होने से अपराधियों को यहां छिपने का मौका मिल रहा है।

निवेशक बनकर सरकारी और किसानों की जमीन हड़पने के आरोपी अबू बकर उर्फ बाबा पठान ने भी यहां तीन फ्लैट किराये पर लिए थे। पुलिस ने उसके खिलाफ कार्रवाई शुरू की तो वह तीनों फ्लैट छोड़कर फरार हो गया। इसी तरह साइबर अपराधियों ने भी इन अपार्टमेंटों में पैठ बनाई थी और पुलिस के संज्ञान में आने के बाद वे भी फरार हो गए। प्रतापगढ़ के दो सगे भाइयों को बैंक से नीलाम फ्लैट दिलाने के नाम पर लाखों रुपये ठगने की घटना भी सामने आई है। एक वीआईपी कालोनी में जिले की सबसे बड़ी करीब 10 करोड़ रुपये की चोरी भी हुई थी, जिसका आरोपित यहां किराए के विला में रह रहा था।

इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक रवीना त्यागी ने अपार्टमेंटों में किराये पर रहने वाले परिवारों का पुलिस सत्यापन कराने की बात कही है।