बाराबंकी में सरयू नदी पर करीब 400 करोड़ रुपये की लागत से दो नए थ्री-लेन पुलों का निर्माण शुरू हो गया है। संजय सेतु के निकट नदी में निर्माण कार्य के लिए पहुंच मार्ग तैयार किया जा रहा है और मशीनें तथा क्रेन लगाई गई हैं। जीटी पुल बनाने का काम भी शुरू हो गया है, जिसके तैयार होते ही मुख्य पुलों के निर्माण का रास्ता साफ होगा।
यह निर्माण बाराबंकी से बहराइच तक करीब 101 किलोमीटर लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग को फोरलेन बनाने की 6,969 करोड़ रुपये की परियोजना का हिस्सा है। मौजूदा संजय सेतु के निकट करीब 1,130 मीटर लंबे दो पुल बनाए जाएंगे। परियोजना के तहत अप और डाउन दिशा के लिए अलग-अलग तीन-तीन लेन के पुल प्रस्तावित हैं। निर्माण एजेंसी के अनुसार, पुलों को करीब दो वर्ष में तैयार करने की योजना है।
परियोजना के सीनियर प्रोजेक्ट मैनेजर दिलीप सिंह ने बताया कि दोनों पुलों में प्रत्येक की चौड़ाई 16 मीटर होगी। तीन लेन के साथ डेढ़ फुट का फुटपाथ भी बनाया जाएगा, जिससे साइकिल, मोटरसाइकिल, कार और भारी वाहनों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
फिलहाल सरयू नदी पर आवागमन का पूरा दबाव टू-लेन संजय सेतु पर है। लखनऊ-बाराबंकी से बहराइच, गोंडा, बलरामपुर होते हुए रुपईडीहा और नेपाल जाने वाले हजारों छोटे-बड़े वाहनों को इसी रास्ते से गुजरना पड़ता है। भारी वाहनों की आवाजाही के कारण अक्सर यातायात धीमा हो जाता है और जाम की स्थिति बनती है। बीते दिनों पुराने पुल की मरम्मत के दौरान पीपा पुल के सहारे वाहनों को निकाला गया था। नए पुल बनने से संजय सेतु पर यातायात का दबाव घटेगा और लखनऊ-बाराबंकी-बहराइच-गोंडा-बलरामपुर-रुपईडीहा होते हुए नेपाल तक का आवागमन अधिक सुगम और तेज होने की उम्मीद है।
