बरेली के सदर बाजार निवासी मनीषा कुमारी ने सेपक टकरा खेल में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर अपनी पहचान बनाई है। वर्ष 1995 में जन्मी मनीषा के पिता गोविंद प्रसाद ड्राई क्लीन और लॉन्ड्री का काम करते हैं, जबकि माता गृहणी हैं। मनीषा ने वर्ष 2007 में खेल की दुनिया में कदम रखा। शुरुआत में वह एथलेटिक्स में प्रशिक्षण लेने बरेली कॉलेज परिसर स्थित मैदान पहुंचीं, लेकिन वहां सेपक टकरा का खेल देखकर उनकी दिलचस्पी इसी खेल में जाग उठी। वालीबॉल की तरह नेट के पार हाथ के बजाय पैरों से गेंद पहुंचाने वाले इस खेल ने उन्हें इतना आकर्षित किया कि वह एथलेटिक्स को भूलकर सेपक टकरा के प्रशिक्षण में जुट गईं।

जब मनीषा ने खेलना शुरू किया, तब आसपास के लोग और पड़ोसी तरह-तरह के ताने मारते थे। पड़ोसियों का कहना था कि बेटी को खेल में लगाकर क्यों बिगाड़ना चाहते हो, इसे अच्छे से पढ़ाओ-लिखाओ ताकि आगे चलकर कोई अच्छी नौकरी मिल सके। ऐसे माहौल में माता-पिता का साथ उनके लिए सबसे बड़ी ताकत बना। उन्होंने समाज की परवाह किए बिना मनीषा का प्रशिक्षण जारी रखा। पांचवीं कक्षा में सब जूनियर जिला स्तर पर जीत दर्ज करने पर परिवार का विश्वास और गहरा हो गया।

मनीषा ने अपने करियर में कुल आठ नेशनल प्रतियोगिताएं खेलीं। इनमें 2008 में गोवा में गोल्ड, 2009 में हैदराबाद के सब जूनियर नेशनल में स्वर्ण और रजत, 2010 में जोधपुर नेशनल में स्वर्ण और कांस्य, 2011 में कालीकट केरल में जूनियर चैंपियनशिप में गोल्ड और 2012 में हैदराबाद में सीनियर नेशनल में कांस्य पदक जीता। इसके अलावा 2024 में नागपुर नेशनल में कांस्य, 2024 में गुजरात के खेलो इंडिया नेशनल बीच टीम में तीन कांस्य, 2025 में वारंगल तेलंगाना नेशनल में सिल्वर और कांस्य तथा 2026 में ग्वालियर सीनियर नेशनल में सिल्वर व कांस्य पदक शामिल हैं।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उन्होंने कुल छह वर्ल्ड चैंपियनशिप और वर्ल्ड कप खेले, जिनमें 2013 में बैंकाक वर्ल्ड कप में रजत, 2014 में बैंकाक वर्ल्ड चैंपियनशिप में कांस्य, 2015, 2016 और 2017 में बैंकाक में कांस्य, 2019-20 में बैंकाक वर्ल्ड चैंपियनशिप में कांस्य तथा 2023 में कोरिया वर्ल्ड कप में कांस्य पदक जीता। उन्होंने कुल दो एशियन गेम्स भी खेले, जिनमें 2014 में साउथ कोरिया और 2018 में जकार्ता इंडोनेशिया में भारतीय टीम पदक नहीं जीत सकी। फिर भी दोनों बार सरकार की ओर से पांच लाख रुपये की छात्रवृत्ति पुरस्कार के रूप में मिली। वर्ष 2023 में खेल कोटे से नौकरी मिलने के बाद वह आज प्रधान डाकघर बरेली में डाक सहायक के पद पर कार्यरत हैं और हर उस लड़की के लिए प्रेरणा हैं, जिसके सपनों को तानों से रोकने की कोशिश की जाती है।