बरेली संभागीय परिवहन विभाग 28 साल बाद नकटिया स्थित किराये के भवन से परसाखेड़ा के नवनिर्मित भवन में स्थानांतरित हो गया है। परिवहन राज्यमंत्री दयाशंकर सिंह ने शुक्रवार को 16.72 करोड़ रुपये की लागत से बने दो मंजिला भवन का लोकार्पण किया। अब विभाग के सभी कार्यालय एक ही परिसर में होंगे, जिससे वाहन स्वामियों और लाइसेंस संबंधी काम कराने आने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी।

राज्यमंत्री ने कहा कि विभाग अब तक किराये के भवन में चल रहा था, जहां अधिकारियों और कर्मचारियों के बैठने की पर्याप्त जगह नहीं थी। नए भवन में कई अतिरिक्त कक्ष बनाए गए हैं। लोगों की सुविधा के लिए पूछताछ काउंटर और अलग-अलग सेवाओं के काउंटर बनाए गए हैं, जहां हर काउंटर पर संबंधित काम की जानकारी दी जाएगी। रिकॉर्ड सुरक्षित रखने के लिए भी आधुनिक व्यवस्था की गई है। भूतल पर आम लोगों से जुड़े कामकाज और कर्मचारियों के बैठने की व्यवस्था होगी, जबकि वरिष्ठ अधिकारियों के कार्यालय पहली मंजिल पर बनाए गए हैं।

नए कार्यालय का निर्माण जनवरी 2025 में शुरू हुआ था और चार महीने पहले निर्माण पूरा हो गया था। एमएलसी चुनाव के लिए आचार संहिता लगे होने के कारण लोकार्पण नहीं हो पा रहा था। आरटीओ प्रशासन पंकज कुमार सिंह ने बताया कि नए भवन के शुरू होने से विभागीय कामकाज व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी। अभी तक अलग-अलग कामों के लिए लोगों को विभिन्न कार्यालयों में जाना पड़ता था। शिफ्टिंग का कार्य अगले दिन से शुरू कराया जाएगा।

नए कार्यालय में ड्राइविंग टेस्ट से पहले वाहन चालकों को व्यवहार संबंधी प्रशिक्षण देने की भी तैयारी है। इसके लिए कंपनी से अनुबंध किया जाएगा। प्रशिक्षण में वाहन चालकों को गुस्से पर नियंत्रण रखने, यात्रियों से अच्छा व्यवहार करने और सफर के दौरान बातचीत के सही तरीके सिखाए जाएंगे। यह प्रशिक्षण निशुल्क देने की योजना है।