मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले में आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे पर स्थित एक पेट्रोल पंप पर शुक्रवार रात तीन अज्ञात लोगों ने कथित तौर पर फायरिंग कर दी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी दोपहिया वाहन से पहुंचे थे और पेट्रोल भरवाने के बाद पानी मांगा। इसी दौरान एक आरोपी ने पिस्टल निकालकर दो राउंड फायर किए। एक गोली पेट्रोल पंप के मैनेजर के ऑफिस की खिड़की के कांच पर लगी, जिससे कांच टूट गया और उसके टुकड़े लगने से कर्मचारी सुरेश घायल हो गया। वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना सेंधवा ग्रामीण थाना क्षेत्र के ग्राम गवाड़ी स्थित पेट्रोल पंप की है, जो सेंधवा से करीब सात किलोमीटर दूर बिजासन पुलिस चौकी क्षेत्र में आता है। सेंधवा ग्रामीण थाना प्रभारी ओमप्रकाश चौंगड़े के अनुसार, तीनों अज्ञात व्यक्तियों ने 100 रुपये का पेट्रोल भरवाया और कर्मचारी को 500 रुपये का नोट दिया। इसके बाद 400 रुपये वापस लेकर वे कुछ देर वहीं रुके रहे।

पेट्रोल भरवाने के बाद तीनों ने पीने के लिए पानी मांगा। पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने उन्हें पास में मटके में पानी रखे होने की जानकारी दी। इसी दौरान एक आरोपी ने अपनी जेब से पिस्टल निकाली और अचानक दो फायर कर दिए। फायरिंग से पेट्रोल पंप पर मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों ने घटना की जानकारी पेट्रोल पंप संचालक मतीन अल्गन को दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

बिजासन पुलिस चौकी प्रभारी रोहित पाटीदार ने बताया कि पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे खराब होने के कारण घटना के फुटेज नहीं मिल सके। उन्होंने बताया कि आरोपियों के बातचीत करने के तरीके से उनके स्थानीय क्षेत्र के निवासी होने की संभावना नहीं लग रही है। शनिवार को बड़वानी के प्रभारी पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्रीय पुलिस अधिकारियों पर घटना को लेकर नाराजगी भी व्यक्त की। मीडिया से चर्चा में उन्होंने बताया कि आरोपियों की तलाश और पहचान के लिए पुलिस की टीम गठित कर रवाना की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों तक पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं।