साल का सबसे बड़ा सुपरमून, जिसे 'बीवर मून' कहा जाता है, 24 नवंबर की रात आसमान में चमका। ऑस्ट्रिया के साल्जबर्ग से लेकर श्रीनगर तक खगोल प्रेमियों ने इसका बेहतरीन नजारा देखा। भारत के कई शहरों में भी चांद आम दिनों से कहीं ज्यादा बड़ा और चमकीला दिखाई दिया। नीदरलैंड में इरास्मस ब्रिज के पीछे और पाकिस्तान के कराची में भी इसे शानदार तरीके से देखा गया।
विशेषज्ञों के मुताबिक, पृथ्वी के करीब होने पर चंद्रमा सामान्य पूर्णिमा की तुलना में करीब 16 फीसदी बड़ा और 16 फीसदी अधिक चमकदार दिखाई देता है। चंद्रमा की कक्षा पूरी तरह गोल नहीं होने के कारण कुछ समय ऐसा आता है जब वह पृथ्वी के ज्यादा करीब होता है और बड़ा नजर आता है। पृथ्वी से चंद्रमा की औसत दूरी 238,855 मील है।
'बीवर मून' नवंबर 2026 और फरवरी 2027 के बीच लगातार आने वाले चार सुपरमून में से पहला है। आमतौर पर हर 12 महीने की अवधि में तीन सुपरमून दिखाई देते हैं और इसके छह महीने बाद तीन 'माइक्रोमून' आते हैं। इस दौरान चंद्रमा में कोई बदलाव नहीं होता, लेकिन पृथ्वी के करीब होने की वजह से वह बड़ा दिखता है।
बीवर फुल मून का नाम मूल अमेरिकी 'एल्गोंक्विन' परंपराओं से आया है। साल के इस समय बीवर सबसे ज्यादा सक्रिय होते हैं और आने वाले ठंडे महीनों के लिए अपने घर और बांध तैयार करते हैं।
