जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नलिन प्रभात ने बुधवार को बताया कि रियासी जिले के करीब 30 आतंकवादी पाकिस्तान में प्रशिक्षण ले रहे हैं। ये वे लोग हैं जो 1991 से 2003 के बीच लापता हुए थे। डीजीपी के मुताबिक, ये आतंकवादी अब पाकिस्तान में हिजबुल मुजाहिदीन के लिए काम कर रहे हैं और जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद को बढ़ावा देने के लिए हथियार, गोला-बारूद और पैसा भेज रहे हैं। वे युवाओं को कट्टरपंथी बनाकर आतंकी गतिविधियों में शामिल करने की कोशिश भी कर रहे हैं।

पुलिस प्रमुख ने बताया कि महोर पुलिस स्टेशन को विश्वसनीय सूत्रों से जानकारी मिली थी कि महोर और चसाना के रहने वाले करीब 30 आतंकवादी पाकिस्तान जाकर भारत के खिलाफ हथियारों की ट्रेनिंग ले रहे हैं। इनमें कर्मकथा, शजरू, लार, सिलधार, शाडोल, चकरास, लाध, शिब्रास, चिकलास, तुल्ली, कुंदरधन, बालमतकोट, बागोदास और हसोते के रहने वाले लोग शामिल बताए गए हैं।

वर्ष 2024 में महोर पुलिस ने इन कथित आतंकवादियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), विस्फोटक और इम्प्रोवाइज्ड सामग्री नियंत्रण प्रावधानों तथा गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी। जांच के दौरान पुलिस ने गवाहों के बयान दर्ज किए और पांच ऐसे कथित आतंकवादियों की पहचान की, जो हथियारों और गोला-बारूद की ट्रेनिंग के लिए पाकिस्तान गए थे। ये लोग सीमा पार से आतंकी गतिविधियों को फिर से शुरू करने की कोशिशों में सक्रिय थे और आतंकवाद को फंड देने के लिए अपनी जमीनें बेच रहे थे।

पुलिस ने इन पांच आतंकवादियों की पहचान महोर तहसील के शाडोल निवासी मोहम्मद कय्यूम (उर्फ अब्दुल कय्यूम), बिडर निवासी बशीर अहमद (उर्फ मासूम), अरनास तहसील के हुंडर निवासी शौकत अली, थुरू तहसील के खांती निवासी मंजूर अहमद (उर्फ मंजूर हुसैन) और थुरू के ही इम्तियाज अहमद के रूप में की है। रियासी में इन पांचों की 27 कनाल से ज्यादा जमीन भी जब्त की गई है।