सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक जम्मू-कश्मीर में 65 पाकिस्तानी आतंकी सक्रिय हैं। इनमें 35 लश्कर-ए-तैयबा और 25 जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े बताए गए हैं, यानी कुल 60 आतंकी इन दोनों संगठनों के हैं। बाकी 5 आतंकी अन्य प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े हैं। एजेंसियों के अनुसार घाटी में अब कोई स्थानीय आतंकी सक्रिय नहीं है। 18 नवंबर को कुलगाम में आखिरी स्थानीय आतंकी लतीफ भट मारा गया था। इसके तीन दिन बाद गृह मंत्री अमित शाह ने कहा था कि घाटी में अब कोई स्थानीय आतंकी नहीं बचा है।
लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद को 2001 के संसद हमले, 2016 के उरी हमले और 2019 के पुलवामा हमले के लिए जिम्मेदार माना जाता है। ये संगठन पाकिस्तान से काम करते हैं और नियंत्रण रेखा के रास्ते आतंकियों की घुसपैठ कराते हैं।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने 18 नवंबर को कहा था कि जम्मू-कश्मीर में कुछ ही विदेशी आतंकी बचे हैं और जल्द ही उन्हें खत्म कर दिया जाएगा। इनकी मौजूदगी पुंछ, राजौरी, किश्तवाड़ और डोडा में बताई गई है। यह संख्या खुफिया रिपोर्ट के आधार पर तय की गई है और चूंकि आतंकी लगातार ठिकाने बदलते रहते हैं, इसमें बदलाव हो सकता है।
जम्मू-कश्मीर में 2024 से अब तक 548 आतंकी घटनाएं हुई हैं। इन घटनाओं में 45 जवान शहीद हुए हैं और 138 आतंकी मारे गए हैं।
