चीन की मदद से पाकिस्तान के जीशान अली अंतरिक्ष में जाने वाले देश के पहले अंतरिक्ष यात्री बन गए हैं। वे चीन के तियांगोंग अंतरिक्ष स्टेशन पर सात दिन बिताएंगे और कई मिशनों में शामिल होंगे। चीन की अंतरिक्ष एजेंसी के अनुसार सभी अंतरिक्ष यात्री सुरक्षित हैं और लॉन्च मिशन सफल रहा।
जीशान के साथ खुर्रम दाऊद का भी चयन हुआ था, लेकिन अंतिम रूप से जीशान को चुना गया। दोनों ने चीन में प्रशिक्षण पूरा किया, जहां जीशान ने चीनी भाषा सीखी और जीरो ग्रेविटी की प्रैक्टिस की। उन्होंने कठिन शारीरिक प्रशिक्षण लेते हुए अंतरिक्ष यान के सिस्टम को समझा। जीशान पेलोड एक्सपर्ट के तौर पर गए हैं। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक मिशन का हिस्सा बनना उनके लिए सिर्फ निजी उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह पूरे पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करने का मौका भी है और वे पाकिस्तान के लोगों के सपनों को अपने साथ अंतरिक्ष में ले जा रहे हैं।
एक इंटरव्यू में जीशान ने बताया कि लड़ाकू विमान के पायलट होने के बावजूद उन्हें कठिन शारीरिक और तकनीकी प्रशिक्षण से गुजरना पड़ा। उनके मुताबिक, अंतरिक्ष यान के सभी स्विच, सॉफ्टवेयर, प्रोग्राम और आवाज के जरिए की जाने वाली घोषणाएं चीनी भाषा में होंगी, इस वजह से उन्हें रोजमर्रा की चीनी भाषा के साथ-साथ तकनीकी शब्दावली को याद करना पड़ा। जीशान ने अपने चीनी साथी अंतरिक्ष यात्रियों के बारे में कहा कि ऐसे सहयोगी मिले हैं जो उनकी राय का सम्मान करते हैं।
पाकिस्तान की अंतरिक्ष एजेंसी 'सुपारको' को देश के विश्वविद्यालयों और शोध संस्थानों से 300 से अधिक प्रस्ताव मिले थे। इनमें से चार प्रयोगों को चीनी विशेषज्ञों ने इस मिशन के लिए चुना। जीशान जिन प्रयोगों में शामिल होंगे, उनमें मुख्य रूप से बायोटेक्नोलॉजी से जुड़े काम हैं। इनसे खाद्य सुरक्षा, जलवायु परिवर्तन और भविष्य में अंतरिक्ष की खोज से जुड़े क्षेत्रों में नई जानकारी हासिल होगी। जीशान के लिए अंतरिक्ष में हलाल खाने की व्यवस्था की गई है। जीशान अली अंतरिक्ष स्टेशन पर करीब एक सप्ताह बिताएंगे और चीनी दल के दो सदस्यों के साथ पृथ्वी पर वापस आएंगे, जबकि इस दल का तीसरा सदस्य करीब एक साल तक स्टेशन पर रहेगा और मानव शरीर पर लंबे समय तक अंतरिक्ष में रहने के असर का अध्ययन करेगा। अब तक दुनिया के करीब 50 देशों के नागरिक अंतरिक्ष की यात्रा कर चुके हैं।
इसके साथ ही 2028 के आसपास चीन के चांग'ई-8 चंद्र मिशन के जरिए पाकिस्तान में बना एक रोवर चंद्रमा पर भेजने की योजना भी है। चीन का लक्ष्य अंतरिक्ष यात्रियों को चांद पर उतारना है, जिसके लिए उसने 2030 का लक्ष्य रखा है। इस वजह से 2022 में अपने तियांगोंग अंतरिक्ष स्टेशन का निर्माण पूरा कर लिया। पाकिस्तान के पास इंसानों को अंतरिक्ष में भेजने के लिए अपना मानव अंतरिक्ष यान या रॉकेट नहीं है, इस वजह से उसे चीन पर निर्भरता मजबूरी है।
