ईरान में 19 वर्षीय गर्भवती हेलिया फत्ताही की कथित ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार पश्चिमी ईरान के सनंदाज शहर में हुई इस घटना में पुलिस ने पीड़िता के माता-पिता वोरिया फत्ताही और लैला वेइस को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों ने पूछताछ में हत्या करने की बात कबूल की है।

जानकारी के मुताबिक हेलिया एक युवक के साथ रिश्ते में थी और दो महीने की गर्भवती थी। पिछले हफ्ते जब उसने परिवार को इस बारे में बताया, तो वे भड़क गए। आरोप है कि माता-पिता शनिवार (21 नवंबर) को उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराने अदालत गए और घर लौटने पर उसे जबरन लगभग 30 एंटी-कन्वल्सेंट गोलियां खिला दीं। बुरी तरह पीटने के बाद तकिए से उसका दम घोंटने की कोशिश की गई।

'हेंगाव ऑर्गनाइजेशन फॉर ह्यूमन राइट्स' के अनुसार, जब माता-पिता को पता चला कि वह अभी भी जिंदा है, तो उन्होंने तकिए से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी। 'हेंगाव' और मानवाधिकार संगठन 'हाना' ने इसे तथाकथित ऑनर किलिंग बताया है। 'हेंगाव' ने कहा कि ईरान में महिलाओं और बच्चों को घरेलू हिंसा से बचाने के लिए प्रभावी कानून न होना और ऑनर किलिंग में हल्की सजा मिलना महिलाओं को हिंसा के प्रति असुरक्षित बनाता है।

इस घटना ने ईरान में महिलाओं पर हो रहे अत्याचारों को लेकर फिर बहस छेड़ दी है। एक हफ्ते से कुछ अधिक समय में ईरान में किसी युवा महिला की हत्या का यह तीसरा मामला बताया जा रहा है। पिछले बुधवार (18 नवंबर) को गिलान प्रांत में 23 वर्षीय सदाफ हघबिन की उसके जन्मदिन की पार्टी में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या करने वाला उसका पूर्व प्रेमी था, जिसे सदाफ ने शादी करने से मना कर दिया था। इससे पहले केरमानशाह में 16 साल की स्कूली छात्रा सोगंद सयादी की एक इमारत की पांचवीं मंजिल से गिरने से मौत हो गई थी। शिक्षकों के यूनियनों के एक राष्ट्रीय नेटवर्क ने बताया कि उसने स्कूल स्टाफ को चेतावनी दी थी कि अगर उसे उसके पिता के साथ घर भेजा गया, तो वे उसकी जान ले लेंगे।

इस हफ्ते की शुरुआत में ईरानी अधिकारियों ने एक मशहूर गायिका और उनकी टीम के चार सदस्यों को 74 कोड़े मारे। यह कार्रवाई उनके एक परफॉरमेंस के यूट्यूब पर लाखों बार देखे जाने के बाद की गई। दिसंबर 2024 में ऑनलाइन पोस्ट किए गए एक कॉन्सर्ट के लिए 29 साल की परस्तू अहमदी को जून में कोड़े मारने की सजा सुनाई गई थी। उनके साथ चार संगीतकारों और उनकी टीम के चार अन्य सदस्यों को भी यही सजा मिली।