मेरठ के बेगमपुल नमो भारत स्टेशन के पास मल्टी लेवल पार्किंग बनाने का रास्ता खुल गया है। एनसीआरटीसी ने स्टेशन के निकट पार्किंग सुविधा के लिए रक्षा संपदा विभाग से लगभग 5000 वर्ग मीटर जमीन मांगी थी। यह जमीन बंगला संख्या 80 के अंतर्गत चिह्नित की गई है। रक्षा संपदा विभाग के स्थानीय अधिकारियों ने जमीन देने पर सहमति जताते हुए अनुमति के लिए रक्षा मंत्रालय को प्रस्ताव भेज दिया है। दिसंबर तक प्रक्रिया पूरी होने का अनुमान है।

रक्षा संपदा विभाग के एसडीओ वीके गुप्ता के अनुसार जमीन चिह्नित कर दी गई है और इसका हस्तांतरण किया जाएगा। बदले में एनसीआरटीसी को 31 करोड़ रुपये देने होंगे। विभाग ने काम शुरू करने की अनुमति के लिए मध्य कमान लखनऊ के माध्यम से रक्षा मंत्रालय को प्रस्ताव भेजा है और दिसंबर तक अनुमति मिलने की उम्मीद है।

बेगमपुल नमो भारत-मेट्रो स्टेशन शुरू होने के बाद से पार्किंग की समस्या खड़ी हो गई थी। स्टेशन के बाहर यात्री चढ़ाने-उतारने की लेन के बीच वाहन खड़े किए जा रहे हैं, जिससे बेगमपुल चौराहे से जीरो माइल चौराहे तक भीषण जाम लगता है। त्योहारों और अवकाश के दिनों में स्थिति विकराल हो जाती है। स्टेशन के आसपास लालकुर्ती, आबूलेन, पीएल शर्मा रोड, बेगमपुल रोड, बांबे बाजार और सदर बाजार जैसे प्रमुख बाजार हैं, जहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं, लेकिन पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है।

इसे देखते हुए कैंट विधायक अमित अग्रवाल ने एनसीआरटीसी, कैंट बोर्ड, रक्षा संपदा विभाग और नगर निगम के अधिकारियों के साथ बैठक कर पार्किंग सुविधा विकसित करने का सुझाव दिया था। एनसीआरटीसी के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पुनीत वत्स ने बताया कि स्टेशन के पास पार्किंग के लिए जमीन मांगी गई है और जहां भी जमीन मिलेगी, एनसीआरटीसी पार्किंग बना देगा। यह सुविधा स्टेशन के यात्रियों के साथ-साथ आसपास के बाजारों में आने वाले लोगों के लिए भी उपयोगी होगी। विधायक अमित अग्रवाल ने चिह्नित जमीन पर 1000 क्षमता की मल्टी लेवल पार्किंग बनाने का लिखित सुझाव दिया है, ताकि स्टेशन के अलावा बाजार क्षेत्रों की वाहन पार्किंग की समस्या का भी निदान हो सके।