पश्चिम बंगाल के हिंगलगंज से भाजपा विधायक रेखा पात्रा की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें कोलकाता के एक निजी अस्पताल में वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। मेडिकल-लीगल रिपोर्ट में जहर की आशंका जताई गई है। रेखा पात्रा शनिवार रात करीब 9 बजे हिंगलगंज स्थित अपने घर पर अचानक बीमार पड़ गई थीं। परिवार के लोग उन्हें तुरंत स्थानीय अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद उन्हें बशीरहाट सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां हालत में खास सुधार नहीं होने पर रविवार को उन्हें कोलकाता के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में शिफ्ट किया गया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, परिवार का दावा है कि उन्होंने हर्बल कीटनाशक निगल लिया था और अस्पताल के रेफरल कार्ड में भी इसका जिक्र होने की बात सामने आई है। वहीं, रिपोर्ट के अनुसार मेडिकल-लीगल रिपोर्ट में ऑर्गेनोफॉस्फोरस आधारित कीटनाशक के सेवन की आशंका जताई गई है। स्वास्थ्य मंत्री शरद्वत मुखर्जी ने कहा है कि जहर की पुष्टि अभी नहीं हुई है और सैंपल की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि तबीयत किस वजह से बिगड़ी थी। उन्होंने बताया कि परिवार ने फूड पॉइजनिंग की बात बताई थी और बाद में कहा कि रेखा की हालत में सुधार हुआ है। आरएन टैगोर अस्पताल के निदेशक और प्रमुख अभिजीत सीपी ने कहा कि अस्पताल की ओर से कोई मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया जाएगा और राज्य सरकार ही मीडिया को अपडेट देगी।
रेखा पात्रा 2024 में संदेशखाली आंदोलन के दौरान चर्चा में आई थीं, जब उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के नेताओं पर महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न और जमीन पर कब्जे के आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शनों में अहम भूमिका निभाई थी। भाजपा ने उन्हें 2024 के लोकसभा चुनाव में बशीरहाट सीट से उम्मीदवार बनाया था, लेकिन वह चुनाव हार गई थीं। बाद में पार्टी ने उन्हें हिंगलगंज सीट से टिकट दिया और जीत के बाद वह विधायक बनीं। लोकसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने उनसे फोन पर करीब 9 मिनट बातचीत की थी और संदेशखाली में महिलाओं के लिए आवाज उठाने पर उनकी तारीफ की थी।
सीपीआई(एम) नेता शतारूप घोष ने रेखा पात्रा के बीमार होने के कारणों की जांच की मांग की है और कहा है कि जहर के कारण की ठीक से जांच होनी चाहिए तथा सच्चाई छिपाने की कोशिश नहीं की जानी चाहिए। तृणमूल कांग्रेस के नेता कुणाल घोष ने भी मामले की जांच की मांग करते हुए कहा कि यह पता लगाया जाना चाहिए कि उनकी तबीयत अचानक कैसे बिगड़ी, और उन्होंने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
