चक्रवात अकवान के कारण हुई बेमौसम बारिश से बंगाल में खेती को नुकसान पहुंचने और सब्जियों के दाम बढ़ने का मुद्दा गरमा गया है। महंगाई के विरोध में प्रदेश कांग्रेस ने रविवार को कोलकाता के मानिकतला बाजार और लेक मार्केट के सामने प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार के नेतृत्व में हुए इन कार्यक्रमों में पार्टी के प्रदेश और जिला स्तर के नेता शामिल हुए।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि बाजार में खाद्य पदार्थों और सब्जियों की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन सरकार इन्हें नियंत्रित करने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठा रही है। पार्टी के अनुसार, अकवान से पहले फूलगोभी और पत्तागोभी 20-30 रुपये प्रति पीस मिल रही थी, जो अब करीब 40 रुपये हो गई है। खीरे की कीमत 80 से बढ़कर 100 रुपये प्रति किलो, भिंडी 60 से 80 रुपये और झींगा 80 से 100 रुपये प्रति किलो पहुंच गई है। बैंगन 100 रुपये किलो बिक रहा है, जबकि परवल और करेला 80 रुपये किलो तक पहुंच गए हैं। गाजर भी 100 रुपये किलो से कम में नहीं मिल रही है। कांग्रेस ने सरकार से तत्काल कीमतें कम करने के लिए कदम उठाने की मांग की।

दूसरी ओर, एसयूसीआई ने चक्रवात से प्रभावित किसानों को मुआवजा देने की मांग उठाई है। पार्टी के राज्य सचिव चंडीदास भट्टाचार्य ने बयान जारी कर दावा किया कि तीन दिनों की बेमौसम बारिश से पूर्व मेदिनीपुर, हावड़ा, हुगली, उत्तर व दक्षिण 24 परगना, पूर्व बर्द्धमान और नदिया समेत कई जिलों में खेतों में खड़ी करीब 70 प्रतिशत पकी धान की फसल बर्बाद हुई है। उन्होंने प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने के साथ अगली फसल के लिए मुफ्त बीज, खाद और अन्य कृषि सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की।